पश्चिम बंगाल में बस यात्रियों को बड़ा झटका लग सकता है. प्रदेश में बस मालिकों के संगठनों ने किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. वहीं इस मांग पर राज्य के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने अपना समर्थन दिया है. उन्होंने यह समर्थन तब दिया है, जब एक दिन पहले ही दुर्गा पूजा के बाद ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट द्वारा किराया बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करने के संकेत दिए थे. दिलीप घोष ने कहा कि रेवेन्यू बढ़ाने और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किराया बढ़ाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि अगर लोगों की आमदनी नहीं बढ़ाएंगे, किराया नहीं बढ़ाएंगे, तो ऐसा नहीं हो सकता कि हम लोगों को गरीब बनाए रखें और सोचें कि हम उन पर कोई एहसान कर रहे हैं. लोगों की आमदनी भी बढ़नी चाहिए ताकि उन्हें अच्छी सुविधाएं दी जा सकें.
लोग ज्यादा किराया दने को तैयार
दिलीप घोष ने कहा कि यात्री बेहतर सुविधा के लिए ज्यादा किराया देने को तैयार हैं. लोग किराया देकर यात्रा कर सकते हैं. AC बसों में सीटों की बुकिंग पहले ही हो जाती है. AC ट्रेनों में भी बुकिंग पहले ही हो जाती है. क्योंकि लोग बेहतर सुविधा के लिए ज्यादा पैसा खर्च करने को तैयार है. इसलिए उन्हें सुविधा देनी होगी और सुविधा के लिए किराया बढ़ाना होगा. अगर किराया नहीं बढ़ाया जाएगा तो रेवेन्यू कहां से आएगा.
मंत्री का यह बयान ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट द्वारा दुर्गा पूजा के बाद प्राइवेट बसों और मिनी बसों का किराया बढ़ाने की पहल करने के एक दिन बाद आया.
ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने किराया बढ़ाने का दिया था संकेत
राज्य के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अर्जुन सिंह ने सोमवार को एक बैठक में प्राइवेट बस मालिकों की मांगें सुनने के बाद भरोसा दिलाया. बैठक में उनकी लंबे समय से चली आ रही आर्थिक समस्याओं, टोल शुल्क, पुलिस द्वारा कथित उत्पीड़न, गाड़ी जब्त करने और पुराने कमर्शियल वाहनों से जुड़ी कई मांगों पर भी चर्चा हुई. बस मालिकों का तर्क है कि बढ़ती ऑपरेटिंग लागत के बीच यात्री सेवाओं को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाए रखने के लिए किराया बढ़ाना जरूरी है.
पश्चिम बंगाल में बसों और मिनी बसों के किराए में आखिरी बार बढ़ोतरी 2018 में हुई थी. तब से, ईंधन की कीमतों और अन्य ऑपरेटिंग खर्चों में बढ़ोतरी के बावजूद किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इसलिए, बस मालिकों ने किराया बढ़ाने की मांग की है ताकि बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के सेवाएं जारी रखी जा सकें. उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पूजा के बाद कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः MP में किसको और कैसे मिलेगी मुफ्त स्कूटी, जानें क्या-क्या हैं सरकार की शर्तें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं