बिहार के करीब 98 लाख बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है. सीएम सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के जरिए 97.84 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के जरिए 1,423.94 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं. साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि अब से पेंशन की राशि हर महीने की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में पहुंचा जाया करेगी. सरकार का कहना है कि इससे जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद मिलेगी और उन्हें रोजमर्रा के खर्चों के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने सभी पेंशनधारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने में मदद करना भी है.
तीन प्रमुख योजनाओं के तहत मिल रही है पेंशन
बिहार सरकार फिलहाल तीन प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का संचालन कर रही है. इनमें लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना और मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना शामिल हैं. इन योजनाओं के माध्यम से लाखों जरूरतमंद लोगों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा का भरोसा देना भी है.
97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंची राशि
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार 97.84 लाख पेंशनधारियों के बैंक खातों में जून महीने की पेंशन राशि भेजी गई है. इनमें 44.39 लाख पुरुष और 53.45 लाख महिला लाभार्थी शामिल हैं. सरकार ने डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में राशि भेजी है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे और किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे. पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है जो पात्र होने के बावजूद अब तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं.
400 रुपये से बढ़कर 1100 रुपये हुई पेंशन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों को केवल 400 रुपये प्रति माह मिलते थे. सरकार ने इस राशि को बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रति माह कर दिया है. इससे लाखों गरीब परिवारों, बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को सीधा लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अब लाभार्थियों को समय पर पेंशन मिले. पहले कई लोगों को महीनों तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब हर महीने की 10 तारीख तक राशि उनके खाते में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है.
छूटे हुए पात्र लोग जल्द करें आवेदन
मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन सभी लोगों से अपील की, जो अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से नहीं जुड़े हैं, कि वे जल्द आवेदन करें. उन्होंने लाभार्थियों से यह भी कहा कि वे अपने आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक जरूर कराएं, ताकि डीबीटी के माध्यम से समय पर पेंशन की राशि उनके खाते में पहुंचती रहे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पंचायत स्तर पर होने वाली बैठकों में यह जानकारी ली जाए कि कौन-कौन लोग अभी तक योजना से बाहर हैं. ऐसे सभी पात्र लोगों को जल्द से जल्द योजना से जोड़ने का काम किया जाए.
समस्या होने पर यहां करें संपर्क
यदि किसी लाभार्थी को पेंशन से संबंधित कोई समस्या आती है या योजना के बारे में अधिक जानकारी चाहिए, तो वह टोल फ्री नंबर 1800-3456-262 पर संपर्क कर सकता है. सरकार का दावा है कि शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
लाभार्थियों के चेहरे पर दिखी खुशी
- मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद लाभार्थियों में खुशी का माहौल है. पटना की रहने वाली सीमा देवी ने बताया कि पहले उन्हें केवल 400 रुपये पेंशन मिलती थी, लेकिन अब हर महीने 1,100 रुपये मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि पहले पेंशन समय पर नहीं मिलती थी और कई बार दो-तीन महीने इंतजार करना पड़ता था. अब हर महीने समय पर राशि मिलने लगी है.
- सीमा देवी ने बताया कि पेंशन की बढ़ी हुई राशि से उन्होंने अपने घर पर ही एक छोटी-सी दुकान शुरू की है. वह घर में सामान तैयार कर उसे बेचती हैं, जिससे परिवार की आमदनी भी बढ़ी है. उनका कहना है कि सरकार की इस पहल से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है और अब आर्थिक परेशानियां पहले की तुलना में काफी कम हो गई हैं.
- वहीं, लाभार्थी दिनेश्वर अग्रवाल ने भी सरकार के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पहले 400 रुपये में घर का खर्च चलाना बेहद मुश्किल था, लेकिन अब 1,100 रुपये मिलने से काफी राहत मिली है. उन्होंने कहा कि पहले छह-छह महीने तक पेंशन का इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब हर महीने राशि मिलने लगी है. उनके अनुसार इस पैसे से अब पौष्टिक भोजन और जरूरी दवाइयों का खर्च निकालना पहले से आसान हो गया है.
सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजना का लाभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी पात्र बुजुर्ग, विधवा महिला या दिव्यांगजन सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित न रहे. सरकार लगातार पंचायतों और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से ऐसे लोगों की पहचान कर रही है जिन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है.
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा का भरोसा देने का माध्यम है. सरकार चाहती है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति बिना किसी परेशानी के अपना जीवन सम्मानपूर्वक जी सके. राज्य सरकार का मानना है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं को और प्रभावी बनाकर लाखों जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मजबूती दी जा सकती है. हर महीने तय तारीख पर पेंशन राशि मिलने की नई व्यवस्था से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को राहत मिलने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं