विज्ञापन

CWG 2026: प्रीति पवार गोल्ड मेडल से एक कदम दूर, 5-0 की जीत के साथ फाइनल में धमाकेदार एंट्री

बॉक्सर प्रीति पवार ने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को हराकर महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया.

CWG 2026: प्रीति पवार गोल्ड मेडल से एक कदम दूर, 5-0 की जीत के साथ फाइनल में धमाकेदार एंट्री
IANS

भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के महिला 54 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. उन्होंने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे के खिलाफ 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की  है. तीसरे राउंड में शानदार काउंटर अटैक और लगातार सटीक पंचों के दम पर प्रीति ने मुकाबले पर पूरा कंट्रोल बनाए रखा और अब गोल्ड मेडल मुकाबले में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से भिड़ेंगी. बॉक्सर प्रीति ने भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है. 

भिवानी की रहने वाली 22 वर्षीय प्रीति एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं. भारतीय बॉक्सर ने मुकाबले के ज्यादातर समय म्वापे पर बढ़त बनाए रखी. उन्होंने चालाकी से म्वापे को अपनी ओर आकर्षित किया और असरदार काउंटर-अटैक किए, जिसमें उनका 'लेफ्ट स्ट्रेट' पंच खास तौर पर कारगर रहा.

फाइनल मुकाबले से पहले क्या बोलीं प्रीति पवार?

जीत के बाद प्रीति ने PTI से बातचीत में कहा, 'मैं बहुत खुश हूं कि मैंने वही किया जिसकी मैंने तैयारी की थी. गोल्ड मेडल के लिए मुझे कल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. मैं कभी भी अपने प्रतिद्वंद्वियों को हल्के में नहीं लेती और हमेशा अपने कोच के साथ मिलकर विस्तार से तैयारी करती हूं. मुझे खुशी है कि मैं उन योजनाओं को सही ढंग से लागू कर पा रही हूं.'

प्रीति के खिलाफ म्वापे को करना पड़ा संघर्ष

मुकाबले के दौरान म्वापे को सटीक पंच लगाने में काफी संघर्ष करना पड़ा और जब भी प्रीति ने कॉम्बिनेशन स्ट्राइक (लगातार कई पंच) किए, तो म्वापे को मार खानी पड़ी. जाम्बियन बॉक्सर के संघर्ष का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें पहले दो राउंड में तीन बार 'एट-काउंट' (रेफरी द्वारा गिनती) का सामना करना पड़ा.

प्रीति का दबदबा इतना जबरदस्त था कि दूसरे राउंड में सभी पांच जजों ने उनके पक्ष में 10-8 का स्कोर दिया. मुकाबला अपनी पकड़ से बाहर जाता देख, म्वापे ने आखिरी तीन मिनट प्रीति के जोरदार हमलों से बचने में ही बिताए, जबकि प्रीति ने बिना किसी खास मशक्कत के जीत हासिल कर ली.

ये भी पढ़ें-   नीरज चोपड़ा के खिलाफ कहीं अरशद चल तो नहीं रहे पेरिस वाली चाल? जानें क्या किया था खेल

(पीटीआई इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Commonwealth Games 2026, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com