बिहार में कच्चे मकानों में रहने वाले 11.18 लाख से ज्यादा परिवारों को जल्द ही पक्के घर बनाने के लिए आवास स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे. पटना पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में विकास और जनकल्याण के काम लगातार आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार गरीबों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
देश के घर गरीब भाई-बहनों को पक्का घर देन का संकल्प
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना एयरपोर्ट पर कहा कि बिहार आकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि देश के हर गरीब परिवार को पक्का घर मिले. इसी दिशा में पीएम आवास योजना के तहत बिहार के कच्चे मकानों में रहने वाले 11 लाख से अधिक परिवारों को नए घरों की मंजूरी दी जा रही है. इससे इन परिवारों को अपने पक्के घर की छत मिलेगी और उनका घर का सपना पूरा होगा.
किसान कार्ड बनाने में बिहार देश का अग्रणी राज्य
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़कर किसानों के हित में बड़ा कदम उठा रही है. इस योजना के तहत फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि पीएम आशा योजना के तहत बिहार ने इस बार मसूर की खरीद भी की है. साथ ही किसान आईडी बनाने के मामले में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास और जनकल्याण के काम लगातार आगे बढ़ते रहेंगे.
बिहार में होगा बड़ा परिवर्तन
बिहार के मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होने का फायदा अब लोगों को जमीन पर दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को घर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है और 11 लाख से अधिक लोगों के लिए नए आवासों की व्यवस्था की जा रही है. इससे बिहार में बड़ा बदलाव आएगा और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिल सकेगा.
ये भी पढ़ें - 1 लाख व्यूज पर होगी दस हजार की कमाई, वीडियो बनाने पर बिहार सरकार देगी पैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं