अमरनाथ यात्रा शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं और जम्मू के होटल कारोबारियों ने श्रद्धालुओं को रोकने के लिए अपना सबसे बड़ा दांव चल दिया है. एडवांस बुकिंग पर 30% की सीधी छूट और टैक्सी यूनियन के जेब-फ्रेंडली टूर पैकेज, सबकुछ इसलिए कि यात्री वंदे भारत पकड़कर सीधे कश्मीर न निकल जाएं.
तीन जुलाई से शुरू हो रही वार्षिक अमरनाथ यात्रा के बीच जम्मू में श्रद्धालुओं का ठहराव बढ़ाने के लिए होटल एसोसिएशन ने एडवांस बुकिंग पर 30% तक छूट का ऐलान किया है. कारोबारियों का कहना है कि अगर यह दांव कामयाब रहा, तो यही छूट ऑन-द-स्पॉट बुकिंग पर भी लागू कर दी जाएगी. इधर, रेलवे टैक्सी यूनियन ने भी कमर कस ली है. पहलगाम और बालटाल के लिए सड़क मार्ग से जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष रियायती टूर पैकेज लॉन्च किए गए हैं, ताकि वंदे भारत से सीधे श्रीनगर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जम्मू में एक रात रुकने का ठोस कारण मिल जाए.
डिस्काउंट की नौबत क्यों आई?
दो साल पहले जहां 39% यात्री जम्मू में रुके थे, वहीं पिछले साल यह आंकड़ा गिरकर सिर्फ 31% रह गया यानी हर 10 में से करीब 7 यात्री जम्मू को बायपास कर सीधे कश्मीर निकल गए. श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत शुरू होने के बाद यह ट्रेंड और तेज होने की आशंका है. ऑल जम्मू होटल एंड लाज एसोसिएशन के प्रधान पवन गुप्ता की चिंता साफ झलकती है, “आज हमारे होटलों में 90% कमरे खाली हैं. ऑक्यूपेंसी सिर्फ 10% है. अमरनाथ यात्रा ही अब आखिरी उम्मीद है”.
श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए ही यह पैकेज घोषित किया गया है. होटल एसोसिएशन की कोशिश है कि यात्रियों को कम से कम एक या दो दिन के लिए जम्मू में रोका जा सके, ताकि उनके होटल के कमरे एक बार फिर सैलानियों की चहल-पहल से गुलजार हो सकें.
यह भी पढ़ें:- चारधाम यात्रा और होगी आसान, गंगोत्री और केदारनाथ धाम के बीच घटेगी 150 KM दूरी, सरकार ने तैयार किया नया रोडमैप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं