WhatsApp एक नया प्राइवेसी फीचर टेस्ट कर रहा है, जिसका नाम 'After Reading' रखा गया है. इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने भेजे गए मैसेज को ज्यादा सुरक्षित बना पाएंगे. इसका मतलब यह है कि जब भी कोई व्यक्ति आपका मैसेज पढ़ लेगा, तो वह मैसेज कुछ ही समय बाद अपने आप गायब हो जाएगा. यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा जो अपनी निजी या संवेदनशील जानकारी जैसे OTP, पासवर्ड या एड्रेस शेयर करते हैं.
इस समय WhatsApp में मैसेज तब तक चैट में रहते हैं जब तक आप उन्हें खुद डिलीट नहीं करते या फिर disappearing messages फीचर का इस्तेमाल नहीं करते. लेकिन नया फीचर इस प्रोसेस को और तेज और आसान बनाने वाला है.
15 मिनट में ऐसे होगा मैसेज ऑटो डिलीट
इस फीचर का काम करने का तरीका काफी सिंपल है. जैसे ही रिसीवर किसी मैसेज को ओपन करेगा, WhatsApp 15 मिनट का टाइमर शुरू कर देगा. जैसे ही ये टाइमर पूरा होगा, मैसेज अपने आप सेंडर और रिसीवर दोनों की चैट से डिलीट हो जाएगा. अगर रिसीवर उस मैसेज को बिल्कुल भी ओपन नहीं करता है, तो वह मैसेज 24 घंटे तक चैट में रहेगा और उसके बाद खुद ही एक्सपायर हो जाएगा. यानी मैसेज हमेशा के लिए सेव नहीं रहेगा.
फिलहाल यह फीचर Android के बीटा वर्जन 2.26.12.2 में देखा गया है, लेकिन अभी तक इसे यूजर्स के लिए जारी नहीं किया गया है क्योंकि यह अभी डेवलपमेंट स्टेज में है.

प्राइवेसी के लिए क्यों है खास?
आज के समय में लोग WhatsApp पर बहुत सी निजी जानकारी शेयर करते हैं. ऐसे में यह फीचर प्राइवेसी को और मजबूत बनाने में मदद करेगा. खासकर जब आप कोई OTP, बैंक डिटेल, पासवर्ड या कोई जरूरी कोड भेजते हैं, तो वह चैट में लंबे समय तक सेव नहीं रहेगा
ब्लू टिक बंद होने पर भी करेगा काम
इस फीचर की एक खास बात यह है कि यह read receipts (ब्लू टिक) बंद होने के बावजूद भी काम करेगा. आमतौर पर WhatsApp में ब्लू टिक से पता चलता है कि सामने वाले ने मैसेज पढ़ा है या नहीं. लेकिन कुछ लोग अपनी प्राइवेसी के लिए इस ऑप्शन को बंद कर देते हैं.
नए फीचर में WhatsApp खुद पहचान लेगा कि मैसेज कब ओपन हुआ है और उसी समय से 15 मिनट का टाइमर शुरू कर देगा. यानी यह फीचर ब्लू टिक पर निर्भर नहीं रहेगा और फिर भी सही तरीके से काम करेगा.
पुराने फीचर्स से कितना अलग है?
WhatsApp पहले से ही disappearing messages का ऑप्शन देता है, जिसमें 24 घंटे, 7 दिन या 90 दिन का टाइमर सेट किया जा सकता है. लेकिन यह फीचर उतना तेज नहीं है, खासकर जब आपको तुरंत मैसेज हटाना हो. नया 'After Reading' फीचर इस कमी को पूरा करेगा, क्योंकि इसमें मैसेज पढ़ने के तुरंत बाद ही हटने लगेगा. यह लगभग instant privacy जैसा अनुभव देगा.
इसके अलावा, WhatsApp का 'View Once' फीचर पहले से मौजूद है, जिसमें फोटो, वीडियो या वॉइस नोट सिर्फ एक बार ही देखे जा सकते हैं. नया फीचर उसी को और आगे बढ़ाते हुए टेक्स्ट मैसेज के लिए भी लागू किया जा रहा है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, WhatsApp अभी इस फीचर की टेस्टिंग कर रहा है और यह देख रहा है कि टाइमर और डिलीट सिस्टम कैसे काम करेगा. यही कारण है कि अभी इसे आम यूजर्स के लिए लॉन्च नहीं किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं