iPhone 17e के बाद अब Apple के अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की लॉन्च की चर्चा शुरू हो गई है. क्योंकि कंपनी जल्द ही Apple iPhone 18 Pro और Apple iPhone 18 Pro Max लाने वाली है. अभी से शुरुआती लीक्स से इन फोन्स के डिजाइन, कैमरा, बैटरी और इंटरनल हार्डवेयर आदि के बारे में काफी कुछ पता चल चुका है. हालांकि Apple ने अभी तक इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. तो अगर आप Apple iPhone 18 को लेकर एक्साइटेड हैं तो लॉन्च से महीनों पहले जान लीजिए आखिर इस सीरीज़ में क्या-क्या खास होने वाली है.
iPhone 18 का डिजाइन
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक सबसे बड़ा बदलाव फोन के फ्रंट डिजाइन में देखने को मिल सकता है. क्योंकि इसमें Face ID से जुड़े सेंसर और हार्डवेयर को डिस्प्ले के नीचे लगाया जा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो iPhones में दिखने वाला डायनैमिक आइलैंड फ्रंट पैनल से हट सकता है. इसके बजाय सेल्फी कैमरा स्क्रीन के ऊपर बाईं तरफ एक छोटे होल के रूप में दिखाई दे सकता है. इस बदलाव का फायदा यह होगा कि फोन की स्क्रीन ज्यादा साफ और बड़ी दिखाई देगी.
हालांकि रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि फोन का ओवरऑल डिजाइन काफी हद तक Apple iPhone 17 Pro लाइनअप जैसा ही हो सकता है. यानी फोन की बॉडी, मटेरियल और कैमरा मॉड्यूल की जगह में बहुत बड़ा बदलाव शायद न देखने को मिले.
फोन के पीछे की तरफ कंपनी पहले की तरह ट्रिपल कैमरा सेटअप दे सकती है, जो एक उभरे हुए कैमरा प्लेटफॉर्म पर होगा. कहा जा रहा है कि बैक ग्लास की फिनिश और टेक्सचर को थोड़ा बदलकर उसे एल्यूमिनियम फ्रेम के साथ और ज्यादा स्मूद तरीके से जोड़ा जा सकता है. इसके अलावा कंपनी प्रो मॉडल्स के लिए नए कलर ऑप्शन भी टेस्ट कर रही है, जिनमें डीप पर्पल, बरगंडी और कॉफी ब्राउन जैसे रंग शामिल हो सकते हैं.

iPhone 18 में नया चिपसेट
फोन के अंदर कंपनी नया प्रोसेसर भी दे सकती है. माना जा रहा है कि Apple A20 Pro chip इस सीरीज में इस्तेमाल किया जाएगा. यह चिप TSMC की अगली पीढ़ी की 2nm मैन्युफैक्चरिंग तकनीक पर आधारित हो सकती है. छोटे प्रोसेस नोड का फायदा यह होता है कि फोन की परफॉर्मेंस बढ़ती है और बैटरी की खपत भी कम होती है.
इसके अलावा कंपनी फोन के अंदर कंपोनेंट्स को लगाने का तरीका भी बदल सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple Wafer-Level Multi-Chip Module नाम की नई पैकेजिंग तकनीक का इस्तेमाल कर सकती है. इसमें RAM को सीधे CPU, GPU और Neural Engine के साथ जोड़ा जाता है. इससे फोन की स्पीड और एफिशिएंसी बेहतर हो सकती है और फोन के अंदर कुछ एक्स्ट्रा जगह भी मिल सकती है.
iPhone 18 में बड़ी बैटरी
लीक्स के मुताबिक Apple iPhone 18 Pro Max में लगभग 5100mAh की बैटरी मिल सकती है. इतनी बड़ी बैटरी के लिए फोन को थोड़ा मोटा बनाया जा सकता है. हालांकि इसका असर फोन के वजन पर भी पड़ सकता है और रिपोर्ट्स के अनुसार इसका वजन 240 ग्राम से ज्यादा हो सकता है.
iPhone 18 का डिस्प्ले
डिस्प्ले की बात करें तो Apple iPhone 18 Pro में लगभग 6.3-इंच की स्क्रीन मिल सकती है, जबकि Apple iPhone 18 Pro Max में 6.9-इंच का बड़ा डिस्प्ले दिया जा सकता है.
iPhone 18 की कीमत और लॉन्च डेट
Apple आमतौर पर हर साल सितंबर में नया iPhone लॉन्च करता है. इसलिए माना जा रहा है कि Apple iPhone 18 Pro और Apple iPhone 18 Pro Max सितंबर 2026 के आसपास पेश किए जा सकते हैं. वहीं, कीमत को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन पिछले मॉडल्स की कीमतों से अंदाजा लगाया जा सकता है.
जैसे Apple iPhone 17 भारत में 82,900 रुपये से शुरू हुआ था, जबकि Apple iPhone 17 Pro की शुरुआती कीमत 1,34,900 रुपये और Apple iPhone 17 Pro Max की कीमत 1,49,900 रुपये रखी गई थी. क्योंकि कंपनी पहले ही मौजूदा जनरेशन में कीमत बढ़ा चुकी है, इसलिए संभावना है कि नई सीरीज की कीमत ज्यादा नहीं बढ़ाई जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं