Google ने नए Android 17 का ऐलान कर दिया है. इस नए अपडेट में AI से जुड़े कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं, जो स्मार्टफोन इस्तेमाल करने का अनुभव पूरी तरह बदल सकते हैं. Google का कहना है कि Android 17 में सुरक्षा, प्रोडक्टिविटी, कंटेंट क्रिएशन और स्मार्ट ऑटोमेशन पर खास ध्यान दिया गया है. कंपनी के मुताबिक शुरुआत में यह अपडेट चुनिंदा Samsung Galaxy और Google Pixel स्मार्टफोन्स में मिलेगा, जिसके बाद इसे दूसरे Android डिवाइसेज तक पहुंचाया जाएगा.

नए 3D Emoji डिजाइन
Android 17 में Google ने 4000 से ज्यादा इमोजी का नया डिजाइन पेश किया है. अब इमोजी पहले से ज्यादा 3D और डिटेल्ड दिखाई देंगे. कंपनी ने पुराने फ्लैट डिजाइन को हटाकर ज्यादा रियलिस्टिक और आकर्षक लुक देने की कोशिश की है. नए इमोजी सबसे पहले Pixel स्मार्टफोन्स में देखने को मिलेंगे.
स्क्रीन टाइम कंट्रोल
आज के समय में लोग घंटों सोशल मीडिया और मोबाइल ऐप्स पर समय बिताते हैं. इसी समस्या को देखते हुए Google ने नया 'Pause Point' फीचर जोड़ा है. इस फीचर में यूजर किसी ऐप को 'Distracting App' के रूप में मार्क कर सकता है. इसके बाद जब भी वह ऐप खोली जाएगी, Android 10 सेकंड का पॉज टाइमर दिखाएगा.
साथ ही यह फीचर सांस लेने की एक्सरसाइज भी सुझाएगा और यूजर को ज्यादा प्रोडक्टिव ऐप्स इस्तेमाल करने के लिए इंस्पायर करेगा.
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए खास फीचर
Android 17 में 'Screen Reactions' नाम का नया फीचर दिया गया है. यह खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बनाया गया है. इस फीचर की मदद से यूजर एक साथ अपनी स्क्रीन और सेल्फी कैमरा रिकॉर्ड कर सकेगा. यानी रिएक्शन वीडियो, गेमिंग वीडियो और ट्यूटोरियल बनाना काफी आसान हो जाएगा. रिकॉर्डिंग के दौरान यूजर की वीडियो स्क्रीन पर छोटे फ्लोटिंग विंडो के रूप में दिखाई देगी.
इसके अलावा Google ने Android की Quick Share टेक्नोलॉजी को और बेहतर बनाया है. अब यह फीचर Xiaomi, OnePlus, Oppo, Vivo और Honor जैसे ब्रांड्स में भी ज्यादा बेहतर तरीके से काम करेगा. सबसे खास बात यह है कि Android यूजर QR कोड बनाकर iPhone यूजर्स को भी आसानी से फाइल भेज सकेंगे.
Google ने नया 'Rambler' AI टूल भी पेश किया है. यह रियल-टाइम ट्रांसक्रिप्शन फीचर है. यह बोलते समय आने वाले फालतू शब्दों को हटाने, लंबे वाक्यों को छोटा करने और गलतियों को सुधारने में मदद करेगा.
Android 17 में सुरक्षा को लेकर भी कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं. अब फोन में AI Scam Detection मिलेगा, जो फ्रॉड और स्कैम को पहचानने में मदद करेगा. इसके अलावा बेहतर Malware Scanning, सुरक्षित APK डाउनलोड चेकिंग और Remote Biometric Locking जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं