Apple को लेकर एक नई खबर सामने आई है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि कंपनी जल्द ही अपने AirPods Pro का नया वर्जन लॉन्च कर सकती है. खास बात यह है कि इस नए मॉडल में कैमरा जैसी टेक्नोलॉजी दी जा सकती है. पिछले साल Apple ने iPhone 17 सीरीज़ के साथ AirPods Pro 3 को लॉन्च किया था. अब कंपनी एक अपग्रेडेड मॉडल पर काम कर रही है, जो इसी साल पेश किया जा सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, Apple इन ईयरबड्स में इंफ्रारेड (IR) आधारित सेंसर या कैमरा दे सकता है, जो विजुअल इंटेलिजेंस से जुड़े काम करेगा.

अगर यह खबर सही साबित होती है, तो AirPods Pro में दिया जाने वाला कैमरा फोटो या वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए नहीं होगा. इसकी मदद से डिवाइस आस-पास के माहौल को समझ सकेगा. यह सेंसर यूज़र की मूवमेंट, लोकेशन और आस-पास की स्थिति को पहचानकर AI आधारित फीचर्स को बेहतर बनाएगा.
Apple आमतौर पर अपने नए AirPods को नए iPhone के साथ सितंबर में लॉन्च करता है. इसलिए संभावना है कि यह नया मॉडल भी इसी समय पेश किया जाए. हालांकि, Apple आमतौर पर Pro मॉडल में बड़े अपग्रेड लगभग तीन साल के गैप पर देता है, इसलिए माना जा रहा है कि यह पूरी तरह नया डिजाइन नहीं बल्कि एक सीमित अपग्रेड हो सकता है.

फिलहाल मौजूदा AirPods Pro 3 में H2 चिप दी गई है, जो एक्टिव नॉइज़ कैंसलेशन के साथ लगभग 8 घंटे तक म्यूजिक सुनने का समय देती है. इसमें IP57 रेटिंग है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षित रहता है. इसमें वर्कआउट के दौरान हेल्थ ट्रैकिंग के लिए हार्ट रेट सेंसर भी मौजूद है. चार्जिंग के लिए USB-C और MagSafe सपोर्ट मिलता है, साथ ही Find My ऐप के लिए केस में बिल्ट-इन स्पीकर दिया गया है.
अगर कैमरा या IR सेंसर वाला AirPods Pro सच में आता है, तो यह Apple के AI इकोसिस्टम को और मजबूत कर सकता है. अभी तक कंपनी ने ऑफिशियल घोषणा नहीं की है, और इसकी कीमत को लेकर भी खबरें आना बाकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं