एशियाई खेलों में शुक्रवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले दक्षिण कोरियाई पुरुष हॉकी टीम उस समय हैरान रह गई, जब उनके अपने राष्ट्रगान की जगह उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजाया गया. और ऐसा होते ही लाइन में खड़े दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी उलझन में इधर-उधर देखने लगे, जब जापान के गिफू में ग्रीन स्टेडियम में राष्ट्रगान बजाया गया.
उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजने के दौरान, कई खिलाड़ी सावधान की मुद्रा में खड़े रहे, कुछ ने अपने बालों पर हाथ फेरा, और कुछ ने अपना दाहिना हाथ अपने दिल पर रखा. हालांकि, आयोजकों ने तुरंत गलती सुधारी और सही राष्ट्रगान बजाया. दरअसल, दोनों देशों के बीच दशकों पुरानी दुश्मनी और तनावपूर्ण रिश्तों को देखते हुए यह गलती खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए बेहद चौंकाने वाली रही.
स्टेडियम अनाउंसर ने मांगी माफी
स्टेडियम अनाउंसर ने गलती के लिए माफी मांगते हुए कहा कि, 'हमें सच में बहुत खेद है, बहुत ज़्यादा खेद है. रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया के राष्ट्रगान की जगह हमने कोई और गाना बजा दिया.'
बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण कोरिया ने 5-0 से जीता मैच
मैच की बात करें तो दक्षिण कोरिया ने यह मुकाबला 5-0 से जीत लिया. एशियाई खेलों की आधिकारिक शुरुआत शनिवार को होगी. भीड़-भाड़ वाले शेड्यूल को देखते हुए आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही कुछ मैच खेले जा चुके हैं. इस शेड्यूल में 11,000 से ज़्यादा एथलीट शामिल हैं, जो समर ओलंपिक्स से भी ज़्यादा हैं.
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स 2026: कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के बाहर हाल बेहाल! सेमीफाइनल मैच से पहले पानी में डूबा दिखा रास्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं