जापान के शहर काकामिगाहारा में 2-9 नवम्बर से होने वाली तीसरी एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला सीनियर टीम की घोषणा कर दी है।
हाकी इंडिया के चयनकर्ता बीपी गोविंद, सावित्री पुर्टी, सुरिंदर कौर, उच्च प्रदर्शन निदेशक रोलेंट ओल्टमेंस, प्रमुख प्रशिक्षक नील होगुड और वैज्ञानिक सलाहकार मैथ्यू ट्रेड्रिया ने सरकारी पर्यवेक्षक हरबिंदर सिंह के साथ 18 खिलाड़ियों और 6 स्टैंडबाई खिलाड़ियों का चयन किया।
इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान और मलेशिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत का पहला मैच 2 नवम्बर को चीन के साथ है जबकि चार नवम्बर को उसे मलेशिया और फिर सात नवम्बर को जापान से भिड़ना है।
सीनियर महिला टीम इन दिनों पटियाला स्थित राष्ट्रीय खेल संस्थान में अभ्यासरत है। यह टीम 29 अक्टूबर को जापान रवाना होगी। मिडफील्डर चानचान देवी टीम की उपकप्तान हैं।
इस टीम ने बीते महीने मलेशिया में आयोजित आठवें एशिया कप में कांस्य पदक जीता था।
भारतीय टीम :
गोलकीपर : सविता, रजनी ई.
डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का, दीपिका, किरणदीप कौर, सुनीता लाकरा, सुशीला चानू, मोनिका, मंजीत कौर, अमनदीप
मिडफील्डर : रितु रानी (कप्तान), नमीता टोप्पो, चानचान देवी, सौंदर्या यांदल्या
फारवर्ड : वंदना कटारिया, रानी, पूनम रानी, रितुषा आर्या।
स्टैंडबाई : सानारिक चानू, संदीप कौर, लिली मिंज, लिली चानू, अनुराधा देवी, अनूपा बार्ला।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं