विज्ञापन
This Article is From May 13, 2017

फुटबॉल और बैडमिंटन के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इस खेल में भी किया निवेश

भारत के महानतम क्रिकेटर सचिन, प्रो कबड्डी लीग में पदार्पण करने को तैयार तमिलनाडु की फ्रैंचाइज़ी के सह-मालिक बन गए हैं.

फुटबॉल और बैडमिंटन के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इस खेल में भी किया निवेश
सचिन प्रो कबड्डी लीग की तमिलनाडु फ्रैंचाइज़ी के सह-मालिक बन गए हैं
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के दीवाने देश भारत में अन्य खेलों को बढ़ावा देने में हमेशा आगे रहें है. फिर चाहे वो फुटबॉल हो या बैडमिंटन, सचिन ने इन खेलों से अपना नाम जोड़कर इनकी 'फैन फॉलोइंग' में ज़बरदस्त इज़ाफ़ा किया है. इसी दिशा में उन्होंने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत के देसी खेल 'कबड्डी' से जुड़ने का निर्णय ले लिया है. भारत के महानतम क्रिकेटर सचिन, प्रो कबड्डी लीग में पदार्पण करने को तैयार तमिलनाडु की फ्रैंचाइज़ी के सह-मालिक बन गए हैं.
 
sachin and sourav


प्रो कबड्डी लीग बनी भारत की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग

प्रो कबड्डी लीग के पांचवे सीजन में सचिन की टीम के सहित कुल 4 नयी टीमें शामिल होंगी और अब कबड्डी का महासंग्राम 8 की बजाय 12 टीमों के बीच होगा. ये चार नयी टीमें होंगी - तमिलनाडु, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात. इन टीमों को इनकी भौगोलिक महत्वत्ता के आधार पर चुना गया है. आयोजकों के अनुसार इन सभी क्षेत्रों में कबड्डी काफी ज़्यादा लोकप्रिय है जिसके कारण इन टीमों का चयन हुआ है. तमिलनाडु टीम को आईक्वेस्ट एंटरप्राइज लिमिटेड ने खरीदा है जिसके मालिकों में तेंदुलकर और एन प्रसाद शामिल हैं. अहमदाबाद टीम का मालिकाना हक अडानी ग्रुप के पास है, लखनऊ टीम जीएमआर ग्रुप के हाथों में हैं जबकि हरियाणा टीम को जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने खरीदा है. इन टीमों के नाम तय होना अभी बाकी है. इन चार टीमों के शामिल होने बाद ये लीग 11 राज्यों से जुड़ चुकी है और अब भारत की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग हो गयी है. लीग में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद, पटना, पुणे और जयपुर की टीमें पहले से ही खेल रही हैं. इसके साथ ही 13 सप्ताह तक चलने वाली इस लीग में अब 130 मैच खेले जाएंगे. ये सीजन जुलाई मे शुरू होकर अक्टूबर तक चलेगा.
 
pro kabaddi


क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों के भी दीवाने हैं सचिन

सचिन कबड्डी से पहले प्रीमियर बैडमिंटन लीग में बेंगलुरु ब्लास्टर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक हैं. इसके अलावा वह इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट (आईएसएल) में केरल ब्लास्टर्स के भी सह-मालिक हैं. सचिन की अन्य खेलों में दिखाई गयी रुचि ने देश भर के खिलाडियों को काफी ज़्यादा प्रोत्साहित किया है. ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा की फुटबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के बाद अब मास्टर ब्लास्टर किस खेल से जुड़ेंगे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
प्रो कबड्डी लीग, सचिन तेंदुलकर, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, आईएसएल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com