शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। अपने पहले मैच में कनाडा को 210 रनों से हराने के बाद श्रीलंका के हौसले बुलंद हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलम्बो:
आईसीसी विश्व कप-2011 में शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। अपने पहले मैच में कनाडा को 210 रनों से हराने के बाद श्रीलंका के हौसले बुलंद हैं। खुद को खिताब का दावेदार मान रहा श्रीलंका शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ प्रेमदासा स्टेडियम में भिड़ेगा। यह उसका दूसरा मुकाबला होगा। पाकिस्तान ने भी विश्व कप का आगाज शानदार तरीके से किया है। उसने हम्बानटोटा के उसी मैदान पर केन्या को 23 फरवरी को 205 रनों से हराया था, जिस पर श्रीलंका ने रनों के लिहाज से विश्व कप में पांचवीं सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा, क्योंकि दोनों ही सशक्त हैं और साथ ही साथ विश्व कप में दूसरी खिताबी जीत के लिए अपना पूरा दमखम झोंकने के लिए प्रयासरत हैं। पाकिस्तान ने केन्या के खिलाफ विश्वस्तरीय खेल दिखाते हुए पहले 300 रनों से अधिक का स्कोर खड़ा किया और फिर उसे 112 रनों पर ढेर कर दिया। श्रीलंका ने भी कनाडा के खिलाफ 300 से अधिक का स्कोर खड़ा करने के बाद विपक्षी टीम को 122 रनों पर समेट दिया था। अब तक के प्रदर्शन के लिहाज से दोनों टीमों को बराबरी का दर्जा दिया जा सकता है, लेकिन संतुलन के लिहाज से श्रीलंका का पलड़ा थोड़ा भारी है। श्रीलंका को इस मैच में घरेलू दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलेगा। इस मैच के लिए श्रीलंका में सर्वाधिक संख्या में दर्शकों के उमड़ने की उम्मीद है। श्रीलंका जहां बल्लेबाजी में पहले मैच में शतक लगाने वाले माहेला जयवर्धने, तिलकरत्ने दिलशान और कप्तान कुमार संगकारा पर निर्भर करेगा, वहीं गेंदबाजी में उसे लसिथ मलिंगा, नुवान कुलसेकरा और स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन पर भरोसा होगा। पाकिस्तान ने दमदार बल्लेबाजी के बाद बेहतरीन गेंदबाजी करके मैच अपने नाम किया था। पाकिस्तान एक बार फिर कामरान अकमल, यूनिस खान, उमर अकमल और मिस्बाह उल हक के बूते बड़ा स्कोर खड़ा करने का प्रयास करेगा, जबकि गेंदबाजी में उसे उमर गुल, शोएब अख्तर और केन्या के खिलाफ पांच विकेट झटकने वाले कप्तान शाहिद अफरीदी की फिरकी पर निर्भर रहना होगा। ग्रुप-ए से ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान का अंतिम-8 में पहुंचना तय माना जा रहा है, लेकिन पाकिस्तान और श्रीलंका का प्रयास लगातार जीत का लय बनाए रखते हुए तालिका में सबसे ऊपरी स्थान पाना होगा, क्योंकि इससे क्वार्टर फाइनल में उनका सामना ग्रुप-बी में अपेक्षाकृत लचर प्रदर्शन करने वाली टीमों से होगा। इस मैच के लिए बारिश की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि कोलम्बो में शनिवार को बादल छाए रहेंगे, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेंटीग्रेड बना रहेगा। बारिश की 20 फीसदी आशंका के साथ दोनों टीमों को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पावर-प्ले का भरपूर उपयोग करना होगा, ताकि बारिश होने के बाद अगर मैच का फैसला डकवर्थ-लेविस नियम के आधार पर होता है, तो उनका पलड़ा भारी रहे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप, श्रीलंका, पाकिस्तान