- असम के लखीमपुर जिले में एक पिता ने चलती ट्रेन में अपनी छह साल की बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी
- आरोपी सुनील मुर्मू को रेलवे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया गया है
- घटना के वक्त आरोपी के साथ एक अज्ञात महिला भी ट्रेन में थी जो अब पुलिस की तलाश में है
असम के लखीमपुर जिले में एक पिता ने चलती ट्रेन में अपनी छह साल की मासूम बेटी की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अब जांच की सुई एक ऐसी महिला पर टिक गई है जो वारदात के वक्त उनके साथ मौजूद थी.
घटना 'डेकरगांव-मुरकोंगसेलेक एक्सप्रेस' की है. आरोपी की पहचान सुनील मुर्मू के रूप में हुई है. वह धेमाजी जिले के गोगामुख इलाके का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि सुनील अपनी बेटी सुमी के साथ विश्वनाथ चरियाली शहर से ट्रेन के जनरल कोच में सवार हुआ था.
ट्रेन में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने जो बताया वह दिल दहला देने वाला है. चश्मदीदों के मुताबिक, मासूम बच्ची बार-बार अपने पिता से खाने के लिए कुछ दिलाने की जिद कर रही थी. उसे क्या पता था कि उसकी यह छोटी सी फरमाइश उसके पिता को इतना हिंसक बना देगी. आरोपी सुनील अपने साथ एक धारदार दाव लेकर चल रहा था और कोच में लगातार हंगामा कर रहा था.
यह भी पढ़ें: मालदा में कैसे भड़की भीड़, कैसे न्यायिक अफसर बने बंधक, मालदा कांड में NIA टीम ने BDO ऑफिस को खंगाला
शुरुआत में उसकी हरकतों से परेशान होकर कोच के अन्य यात्री दूसरे डिब्बों में चले गए. डिब्बे में भीड़ कम होने का फायदा उठाकर सुनील ने अचानक अपनी बेटी पर हमला कर दिया और तेज हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया.
पुलिस अब महिला की कर रही तलाश
जैसे ही ट्रेन लखीमपुर के सिलानीबारी रेलवे स्टेशन पर रुकी, यात्रियों और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी पिता को पकड़ लिया गया. सूचना मिलते ही सरकारी रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार बरामद कर लिया. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस अब उस महिला की तलाश में जुटी है ताकि यह पता चल सके कि क्या वह इस हत्याकांड में शामिल थी या उसे इस सनक के पीछे की वजह पता है.
आरोपी की मानसिक स्थिति पर संदेह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सुनील मुर्मू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है. वह बेहद आक्रामक और विक्षिप्त व्यवहार कर रहा है.
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह किसी अंधविश्वास या पुरानी रंजिश का मामला तो नहीं है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह ट्रेन में इतना बड़ा हथियार लेकर कैसे दाखिल हुआ.
यह भी पढ़ें: Video: चलती ट्रेन में चढ़ रहा था, पैर फिसलते ही रेल-प्लेटफॉर्म के बीच गिरा; 20 सेकंड तक फंसा रहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं