एनडीटीवी एएम ग्रीन-आईजीपीएल गोल्फ प्रो-एम का दूसरा चरण शनिवार (10 अक्टूबर 2026) को हैदराबाद में शानदार तरीके से संपन्न हुआ. समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क मौजूद रहे. पंजाब रैप्टर्स की तरफ से प्रस्तुत कृष्णा इनविटेशनल हैदराबाद के विजेता गगनजीत भुल्लर मंच पर पहुंचे और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री से खिताब हासिल किया. इस दौरान भुल्लर ने कहा, 'सबका बहुत-बहुत धन्यवाद. 12 साल बाद हैदराबाद वापस आना काफी शानदार अनुभव रहा. मैंने यहां गोल्फ कोर्स पर खेलने का लुत्फ उठाया. परिस्थितियां काफी अच्छी थी. एएम ग्रीन का विशेष तौर पर धन्यवाद. हमने पिछले साल आईजीपीएल का सफर शुरू किया था और करीब दो साल में ही यहां पहुंच गए हैं. जिसे देखना बेहद खास है.'
भुल्लर ने अपनी बातों को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मेरे टीम के सदस्यों का भी विशेष तौर पर धन्यवाद. जारी साल में हमने पहली बार जीत हासिल की है. आशा करते हैं अब यह हमारी आखिरी जीत नहीं होगी.'
एनडीटीवी के सीईओ एंड एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने विशेष मौके पर कहा, 'मुझे बताया गया था कि उपमुख्यमंत्री हैदराबाद गोल्फ कोर्स से करीब छह घंटे की दूरी पर थे. इसके बावजूद उन्होंने यहां आने के लिए विशेष प्रयास किया.' जिसके बाद वहां उपस्थित सभी लोगों ने तालियां बजानी शुरू कर दी.
आखिर में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क मंच पर आए और अपने दिल की बात साझा करते हुए कहा, 'गुड इवनिंग. इंटरनेशनल खिलाड़ियों, विशेषकर गोल्फ खिलाड़ियों के साथ समय बिताना हम सभी के लिए काफी सौभाग्य की बात है. जैसा कि हम सभी जानते हैं. हमारे मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी हमेशा से खेलों के प्रति उत्साही रहे हैं. उन्होंने मेसी को तेलंगाना में आमंत्रित किया था और फुटबॉल खेला था. उन्होंने ऐलान किया है कि हैदराबाद में विश्वस्तरीय फुटबॉल स्टेडियम बनाया जाएगा.'
उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए काफी उत्सुक है. यहां तक कि गोल्फ कोर्स भी राज्य सरकार की पर्यटन पहल से जुड़ी एक संयुक्त परियोजना है. हाल ही में हमारे मुख्यमंत्री ने तेलंगाना में खेल और अन्य गतिविधियों की समीक्षा की है. उन्होंने कहा कोरिया जैसे छोटे से देश में एक विश्वविद्यालय 100 मेडल हासिल कर रहा है, जो कि दूसरों के लिए उदाहरण है.'
उपमुख्यमंत्री ने बताया, 'हमारे मुख्यमंत्री ने उसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया और कुछ लोगों को अध्ययन करने के लिए भेजा कि कोरिया की सरकार खिलाड़ियों को किस तरह की सुविधाएं मुहैया कराती है. बाद में वह खुद खेल अधिकारियों के साथ वहां गए. जहां उन्होंने अपनी टीम को वहां की व्यवस्थाएं देखने के लिए कहा. इस दौरान वहां के विश्वविद्यालय के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ. ताकि हमारे छात्रों को खेल गतिविधियों की ट्रेनिंग दी जा सके.'
उन्होंने आगे कहा, 'इस प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को मैं बधाई देता हूं. यहां आने में मुझे करीब पांच घंटे लगते हैं. मगर इस आयोजन के महत्व को देखते हुए मैंने अपने कुछ कार्यक्रम रद्द कर दिए, फिर मैं यहां आ पाया.'
आखिर में उन्होंने एनडीटीवी को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, 'मैं सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं. एनडीटीवी की तरफ से इस कार्यक्रम में शामिल किए जाने के लिए धन्यवाद देता हूं.'
यह भी पढ़ें- 'गॉल्फ की ग्रोथ के लिए यह शानदार अवसर,' हैदराबाद लेग में NDTV से बोले IGPL CEO उत्तम मुंडी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं