मौजूदा चैंपियन साइना नेहवाल महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सुंग जी ह्यून से हारकर डेनमार्क सुपर सीरीज प्रीमियर बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
दुनिया की नंबर चार भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम जीता लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाई और छठी वरीयता प्राप्त सुंग से 21-13, 18-21, 19-21 से हार गई। यह मैच एक घंटे छह मिनट तक चला। साइना का इस मैच से पहले सुंग जी ह्यून के खिलाफ 4-0 का रिकार्ड था। उन्होंने पिछले साल इंडोनेशियाई ओपन में इस कोरियाई खिलाड़ी को हराया था लेकिन सुंग ने शानदार खेल दिखाया।
पहले गेम में साइना ने शुरू में ही 4-1 की बढ़त बनाई लेकिन सुंग ने जल्द ही वापसी कर ली और 11-10 की बढ़त हासिल की।
इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने कुछ गलतियां की जिससे साइना 15-11 से आगे हो गई। साइना ने भी इसके बाद गलती की और सुंग ने स्कोर का अंतर 13-15 कर दिया लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया और यह गेम अपने नाम किया।
दूसरे गेम में सुंग ने शुरू में ही 2-0 की बढ़त बनाई लेकिन साइना जल्द ही 3-2 से आगे हो गई। सुंग ने 6-6 से स्कोर बराबर किया। इसके बाद सुंग ने बढ़त बनाई लेकिन साइना ने उनपर दबाव बनाए रखा और मध्यांतर तक 11-10 की बढ़त हासिल कर ली।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं