विज्ञापन
This Article is From Jan 18, 2017

बैडमिंटन : सायना नेहवाल, जयराम का मलेशिया मास्टर्स में विजयी आगाज

बैडमिंटन : सायना नेहवाल, जयराम का मलेशिया मास्टर्स में विजयी आगाज
सायना नेहवाल ने चोट के बाद वापसी की है (फाइल फोटो)
सारावाक (मलेशिया): पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने बुधवार को मलेशिया मास्टर्स में जीत के साथ शुरुआत की है. शीर्ष खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त सायना को टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता दी गई है. वहीं पुरुष एकल वर्ग में छठे वरीय अजय जयराम ने भी जीत के साथ खाता खोला है. सायना ने बुधवार को थाईलैंड की चासनी कोरेपाप को सीधे गेमों में मात दी. वहीं अजय ने बुधवार को लगातार दो मुकाबलों में जीत हासिल कर पुरुष एकल वर्ग के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया.

सायना ने अपनी विपक्षी को आसानी से 21-9, 21-8 से मात दी. यह मुकाबला महज 25 मिनट तक चला. सायना को मुकाबला जीतने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई. सायना दूसरे दौर में इंडोनेशिया की हनारामादिनी से भिड़ेंगी, जिन्होंने जिया मिन येओ को 21-16, 21-17 से मात दी.

जयराम को पहले दौर के मुकाबले में हालांकि जुन हाओ लियोंग ने कड़ी टक्कर दी. भारतीय खिलाड़ी ने पहला सेट आसनी से 21-10 से जीता लिया था. लेकिन लियोंग ने दूसरे गेम में वापसी करते हुए 21-17 से जीत हासिल कर मुकाबला तीसरे गेम में पहुंचा दिया. तीसरे निर्णायक गेम में भारतीय खिलाड़ी ने लियोंग को 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया.

दूसरे दौर में उनका सामना इंडोनेशिया की सापुत्रा विक्की अनग्गा से था. जयराम ने उन्हें 21-9, 21-12 से मात देते हुए तीसरे दौर में प्रवेश किया. तीसरे दौर में उनका सामना चीनी ताइपे के सुयान यी से होगा.

वहीं मिश्रित युगल वर्ग में भारत का दिन मिलाजुला रहा. बी. सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को पहले मैच में ही हार का सामना करना पड़ा, हालांकि ज्वाला गुट्टा और मनु अत्री की जोड़ी अपना मुकाबला जीतने में सफल रही.

रेड्डी और पोनप्पा की जोड़ी इंडोनेशिया की टांटोवी अहमद और ग्लोरिया इमानुएला विडजाजा की जोड़ी से 17-21, 17-21 से मात्र 34 मिनट में मुकाबला हार गई. ज्वाला और मनु की जोड़ी ने वहीं एक अन्य इंडोनेशियाई जोड़ी लुखी एप्री मुग्रोहो और रिन अमेलिया को 30 मिनट तक चले मुकाबले में 21-19, 21-18 से मात दी.

मिश्रित युगल के एक और मुकाबले में सात्विकसाईराज रानकिरेड्डी और के. मनीषा की जोड़ी को हांगकांग की टाम चुन हेई और सज याउ की जोड़ी से 10-21, 14-21 से हराया. महिला युगल वर्ग में के. पी. श्रुति और हरिथा हरिनारायणन की जोड़ी ने मलेशिया की मेई कुआन चाओ और विवियान हो की जोड़ी को 24 मिनट में 21-9, 21-13 से मात दी.

इसी वर्ग में भारत की अपर्णा बालन और प्रजाक्ता सावंत ने इंडोनेशिया की अगशिना फाथकुल और अप्रीलसासी पुत्री की जोड़ी को 21-10, 21-10 से मात दी. पुरुष एकल वर्ग में भारत के हेमंत गौड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा है. चीनी ताइपे के चुन वेई चेन ने हेमंत को 21-5, 21-19 से हराया.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सायना नेहवाल, अजय जयराम, मलेशिया मास्टर्स, टेनिस, Saina Nehwal, Ajay Jairam, Malaysia Masters, Tennis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com