विज्ञापन
This Article is From Apr 25, 2012

इंडिया ओपन बैडमिंटन : साइना जीतीं, भारत के लिए मिश्रित दिन

भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल आसान जीत के साथ इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल आसान जीत के साथ इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। साइना के अलावा दो अन्य महिला नेहा पंडित और पीवी सिंधु भी दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। पुरुष वर्ग से अजय जयराम और पुरुपल्ली कश्यप भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।

महिला तथा पुरुष युगल के अलावा मिश्रित युगल में भारत को सीमित सफलता हाथ लगी। भारत की शीर्ष मिश्रित युगल जोड़ीदार ज्वाला गुट्टा और वी. दीजू पहले दौर की बाधा नहीं पार कर सके।

तरुण कोना और अश्विनी पोनप्पा हालांकि इस वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।

पुरुष युगल में मनीष गुप्ता और गौरव वेंकट तथा रुपेश कुमार और सानावे थामस भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। इसके अलावा भारत की 14 जोड़ियों को विभिन्न वर्गों में हार का सामना करना पड़ा है।

साइना ने करोड़ों देशवासियों की उम्मीदों को जिंदा रखते हुए हांगकांग की पुई यिन यिप को 21-14, 21-6 से पराजित किया। यह मैच 29 मिनट तक चला।

इससे पहले भी यिप और साइना के बीच चार बार भिड़ंत हुई थी, जिसमें साइना ने तीन बार बाजी मारी थी। अगले दौर में साइना की भिड़ंत कोरिया की युओन जू बेई से होगा। विश्व की पांचवीं वरीय खिलाड़ी साइना और 12वीं वरीय जू के बीच अब तक पांच बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से चार बार साइना की जीत हुई है।

गुट्टा और दीजू को चीन के तियाओ जियामिंग और जिया हुआन ने 21-18, 21-19 से हराया। गुट्टा और दीजू सिर्फ 35 मिनट तक चीनी जोड़ीदारों की चुनौती दे सकीं।

क्वालीफाईंग की परीक्षा से सफल होकर मुख्य दौर में जगह बनाने वाली नागपुर की राष्ट्रीय चैम्पियन अरुंधति पंटावने भी पहले ही दौर में हार गईं। अरुंधति को टूर्नामेंट की चौथी वरीय चीनी खिलाड़ी यानजिआवो जियान ने 21-9, 21-11 से पराजित किया।

इससे पहले, कश्यप ने जहां शानदार जीत के साथ के पुरुषों के एकल वर्ग के दूसरे दौर में जगह बना ली वहीं कोना और पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी भी दूसरे दौर में पहुंच गई।

रुपेश कुमार और सानावे थामस भी पहले दौर में मिले वॉक ओवर के बाद आसानी से दूसरे दौर में पहुंच गए। कश्यप ने जोरदार खेल दिखाते हुए बेल्जियम के खिलाड़ी युहान तान को 21-11, 21-14 से हराया। कश्यप ने यह मैच 32 मिनट में जीता। मैच की शुरुआत से ही कश्यप आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे थे।

कश्यप का आत्मविश्वास उनके खेल में दिखा और यही कारण था कि तान दोयम साबित हुए। अगले दौर में कश्यप का सामना थाईलैंड के बूनसाक पोनसाना से होना है। इन दोनों के बीच इससे पहले तीन बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें से दो बार कश्यप की जीत हुई है।

कोना और पोनप्पा ने मिश्रित युगल में इंडोनेशिया के मोहम्मद रिजाल और डेबी सुसांतो को 20-22, 21-18, 22-20 से पराजित किया। पहली बाधा पार करने में कोना और पोनप्पा को 49 मिनट लगे।

कोना और पोनप्पा का अगले दौर में मुकाबला जापान की सोजी सातो और शिजुका मातसुओ से होगा। दोनों जोड़ियों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी।

पुरुषों के युगल वर्ग में जहां रुपेश और सानावे को कोरिया के जेई सुंग जुंग और योंग देई ली की शीर्ष वरीय जोड़ी के खिलाफ वॉकओवर मिला वहीं मनीष गुप्ता और गौरव वेंकट ने अपने ही देश के संजीत एस. और जगदीश यादव की जोड़ी को 21-14, 15-21, 21-15 से पराजित किया।

रुपेश और सानावे अगले दौर में कोरिया के की जुंग किम और सा रांग किम से भिड़ेंगे। इससे पहले दोपहर के सत्र में, क्वालीफाईंग की बाधा पार करके मुख्य दौर में जगह बनाने वाली भारत की नेहा पंडित मलेशियाई खिलाड़ी जिंग यी ती को हराकर महिलाओं के एकल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गई।

विश्व की 128वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी नेहा ने 63वीं वरीय ती को 21-18, 9-21, 21-19 से पराजित किया। यह मैच 48 मिनट चला। इसके साथ नेहा ने 2011 सिंगापुर इंटरनेशनल सीरीज में मिली हार का हिसाब ती से बराबर कर लिया।

नेहा ने क्वालीफाईंग के पहले दौर में भारत की तृप्ति मुरगुंडे को पराजित किया था जबकि दूसरे दौर में वह मोहिता सचदेव पर भारी पड़ी थीं। अगले दौर में नेहा सिंगापुर की खिलाड़ी जुआन गू से भिड़ेंगी।

भारत के अजय जयराम ने भी पहली बाधा पार कर ली है। जयराम ने अपने ही देश के सौरव वर्मा को बुधवार को सुबह के सत्र में खेले गए  एकल मुकाबले में 21-15, 17-21, 21-11 से हराया।

बीते साल इंडिया ओपन में पहली बार खेलते हुए तीसरे दौर तक का सफर तय करने वाले सौरव इस साल कुछ कमाल नहीं दिखा सके। सिरी फोर्ट स्टेडियम में उन्होंने अजय को 55 मिनट तक कोर्ट पर उलझाए रखा लेकिन अंतत: उनकी हार हुई। अजय अगले दौर में टूर्नामेंट के सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी चोंग वेई ली के साथ भिड़ेंगे।

महिला वर्ग में युवा खिलाड़ी सिंधु ने भी जीत के साथ शुरुआत की है। सिंधु ने चीनी ताइपे की जु यिंग ताई को 21-17, 21-19 से पराजित किया। सिंधु ने यह मैच 31 मिनट में जीता। अगले दौर में सिंधु की भिड़ंत टूर्नोमंट की आठवीं वरीयता प्राप्त कोरियाई खिलाड़ी जी ह्यून सुंग से होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
इंडिया ओपन, India Open, पोनप्पा, Ashwini Ponappa, साइना नेहवाल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com