विज्ञापन
This Article is From Feb 12, 2011

विश्व कप के बाद वनडे से संन्यास लेंगे पीटरसन!

'डेली मेल' ने सूत्रों के हवालों से बताया है कि 30 वर्षीय पीटरसन अपनी पत्नी जेस और बेटे डायलन के साथ अधिक से अधिक समय बिताना चाहते हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन 19 फरवरी से 2 अप्रैल तक भारतीय उपमहाद्वीप में आयोजित होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के बाद एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। पीटरसन की प्राथमिकता टेस्ट और अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट है। पीटरसन अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए यह कदम उठा सकते हैं। समाचार पत्र 'डेली मेल' ने सूत्रों के हवालों से बताया है कि 30 वर्षीय पीटरसन अपनी पत्नी जेस और बेटे डायलन के साथ अधिक से अधिक समय बिताना चाहते हैं। अखबार के मुताबिक पीटरसन का मानना है कि आधुनिक क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रमों को देखते हुए खिलाड़ियों के लिए यह संभव नहीं है कि वह क्रिकेट के सभी प्रारूपों में हिस्सा ले सकें। पत्र लिखता है, पीटरसन यदि ऐसा कुछ करते हैं तो यह उनके लिए जोखिम भरा फैसला हो सकता है, क्योंकि अभी वह इंग्लैंड की टेस्ट और ट्वेंटी-20 टीम में उपलब्ध हैं और वह जब तक खेलना चाहें खेल सकते हैं। हाल में इंग्लैंड की टीम पांच महीने बाद स्वदेश लौटी थी। ऑस्ट्रेलिया में एशेज शृंखला और कॉमनवेल्थ बैंक एकदिवसीय शृंखला खेलने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ी मात्र चार दिन ही अपने परिवार के साथ बिता पाए और अब वह विश्व कप में भाग लेने के लिए बांग्लादेश के लिए रवाना हो चुके हैं। इससे पहले, पीटरसन ने विश्व कप के लंबे कार्यक्रम को हास्यास्पद बताया था। विश्व कप से पहले इंग्लैंड का पहला अभ्यास मैच कनाडा से 16 फरवरी को होगा। इंग्लैंड को विश्व कप में भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, आयरलैंड और नीदरलैंड्स के साथ ग्रुप 'बी' में रखा गया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, पीटरसन, संन्यास
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com