पाकिस्तानी टीम विश्व कप के पहले मैच में बुधवार को कीनिया जैसी कमजोर टीम से भिड़ेगी, तो उसे जीत के साथ आगाज करने में दिक्कत पेश नहीं आएगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
हम्बंटोटा:
स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण से छवि खराब होने के बाद खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फिर से स्थापित करने की कवायद में जुटी पाकिस्तानी टीम विश्व कप के पहले मैच में बुधवार को कीनिया जैसी कमजोर टीम से भिड़ेगी, तो उसे जीत के साथ आगाज करने में कोई दिक्कत पेश नहीं आएगी। पिछले विश्व कप में आयरलैंड के हाथों हार के साथ पहले दौर से बाहर होने की शर्मिंदगी झेलने वाला पाकिस्तान हालांकि इस बार प्रतिद्वंद्वी को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा। कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी खिलाड़ियों को सभी टीमों को संजीदगी से लेने की ताकीद की है। अफरीदी ने कहा, विश्व कप में बड़े उलटफेर होते हैं। चार साल पहले हम आयरलैंड से हार गए थे। वह हार अभी भी हमारे जेहन में है, लिहाजा हम किसी टीम को हल्के में नहीं लेंगे। सामने चाहे कीनिया हो या श्रीलंका। पाकिस्तान ने विश्व कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में 3-2 से हराया है। अभ्यास मैचों में हालांकि उसने बांग्लादेश को हराया, लेकिन इंग्लैंड से हार गया। पाकिस्तान के पास पूर्व कप्तान यूनुस खान, मिसबाह उल हक, कामरान और उमर अकमल और मोहम्मद हाफिज जैसे बल्लेबाज हैं, जो किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ सकते हैं। सलामी बल्लेबाज सलमान बट पर प्रतिबंध होने के कारण पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत हाफिज और अहमद शहजाद करेंगे। मध्यक्रम में यूनुस, मिसबाह और अकमल भाईयों जैसे धुरंधर हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप, पाकिस्तान, कीनिया