फुटबॉल की विश्व नियामक संस्था फीफा ने ब्राजील में चल रहे विश्वकप में मैच फिक्सिंग की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि उन्हें फिक्सिंग के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
जर्मनी के समाचार पत्र 'डेर स्पीजेल' में प्रकाशित रपट से यह जानकारी मिली।
डेर स्पीजेल में इससे पहले मंगलवार को प्रकाशित रपट में क्रोएशिया और कैमरून के बीच ग्रुप मुकाबले के फिक्स होने की खबरों ने फुटबॉल जगत में सनसनी फैला दी थी।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार, इस खबर के प्रकाशित होने के बाद कैमरून फुटबॉल महासंघ ने अपने खिलाड़ियों के खिलाफ जांच भी शुरू कर दी।
फीफा के सुरक्षा निदेशक राल्फ मुश्के ने एक बयान जारी कर कहा है कि लगाए गए आरोपों के कारण 'फीफा विश्वकप की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिह्न लग गया, और यह काफी गंभीर आरोप था।'
मुश्के ने बताया कि फीफा ने विश्वकप में अब तक हुए सभी 56 मैचों की पड़ताल कर ली है तथा "सट्टेबाजी बाजार के अनुसार किसी मैच के प्रभावित होने का कोई सबूत नहीं मिला है।"
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं