बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबरॉय झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार से शुरू हो रहे 34वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान कार्यक्रम पेश करेंगे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रांची:
बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता विवेक ओबरॉय झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार से शुरू हो रहे 34वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान कार्यक्रम पेश करेंगे। विवेक के अलावा अभिनेत्री अमीषा पटेल और समीरा रेड्डी भी दर्शकों के सामने थिरकती दिखेंगी। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन करने वाली महिला तीरंदाज दीपिका कुमारा 33,000 दर्शकों के सामने मुख्य मशाल जलाएंगी। इसके बाद खेलों में हिस्सा लेने वाली टीमों का मार्च-पास्ट होगा। रिएलिटी कार्यक्रम 'बिग बॉस-4' की विजेता अभिनेत्री श्वेता तिवारी उद्घाटन समारोह के कार्यक्रम का संचालन करेंगी जबकि बॉलीवुड के मशहूर गायक सुखविंदर सिंह अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने की तैयारी में हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान पोलियो उम्मूलन पर एक फिल्म भी दिखाई जानी है। इसके बाद पोलियो को हमेशा के लिए खत्म करने के संदेश के साथ स्वयंसेवक दर्शकों के सामने 'पोलियो-वॉक' करेंगे। तीन घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में स्कूली छात्रों के अलावा स्थानीय आदिवासी कलाकारों द्वारा बिहु नृत्य पेश किया जाएगा। समारोह के अंत में जोरदार आतिशबाजी की तैयारी है। झारखंड के राज्यपाल एम.ओ.एच. फारुक 34वें राष्ट्रीय खेलों का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबोध कांत सहाय उनके साथ रहेंगे। 34वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत खेल स्पर्धाओं की शुरुआत रविवार को होगी। खेलों का आयोजन रांची के अलावा धनबाद और जमशेदपुर में किया जाना है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
राष्ट्रीय खेल, उद्घाटन