विज्ञापन
This Article is From Feb 12, 2011

अभ्यास मैच में श्रीलंका की हॉलैंड पर धमाकेदार जीत

श्रीलंका ने पांच विकेट पर 351 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में हॉलैंड की टीम 47.3 ओवर में 195 रन पर ही सिमट गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलंबो: विश्व कप के प्रबल दावेदारों में शामिल सह-मेजबान श्रीलंका ने 19 फरवरी से शुरू होने वाले क्रिकेट महाकुंभ से पहले अपनी लय और फॉर्म का अच्छा नजारा पेश करते हुए अभ्यास मैच में हॉलैंड को 156 रन से करारी शिकस्त दी। विश्व कप के अभ्यास मैचों को आधिकारिक दर्जा हासिल नहीं है और इसलिए इस मैच में 14 खिलाड़ियों को उतारने की अनुमति दी गई, जिसमें से 11 ही बल्लेबाजी या गेंदबाजी कर सकते थे। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया तथा पांच विकेट पर 351 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में हॉलैंड की टीम 47.3 ओवर में 195 रन पर ही सिमट गई। श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। उपुल थरांगा (47) और तिलकरत्ने दिलशान (78) की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। बाकी बल्लेबाजों ने भी उन्हीं का अनुसरण किया। कप्तान कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे और इसलिए तिलन समरवीरा तीसरे नंबर पर खेलने के लिए आए। उन्होंने रिटायर्ड आउट होने से पहले 60 रन की पारी खेली। समरवीरा के पैवेलियन लौटने के बाद दूसरी गेंद पर ही आलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज (21) आउट हो गए, लेकिन इसके बाद चमारा सिल्वा (54) और चमारा कापुगेदारा (नाबाद 50) ने पांचवें विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी करके टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया। हॉलैंड का कोई भी गेंदबाज खास प्रभाव छोड़ने में असफल रहा। उसकी तरफ से मुदस्सर बुखारी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 52 रन देकर दो विकेट लिए। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरे हॉलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 12वें ओवर तक उसका स्कोर चार विकेट पर 37 रन हो गया। लेसिथ मालिंगा ने वेस्ले वेरासी को तीसरे ओवर में ही पैवेलियन भेज दिया, जबकि तिसारा परेरा ने टाम कूपर और रियान टेन दोयस्ते तथा दिलहारा फर्नांडो ने अलेक्सी कारवेजी को आउट किया। अनुभवी टाम डि ग्रूथ (76) ने 45वें ओवर तक एक छोर संभाले रखा, लेकिन उन्हें इस बीच केवल कप्तान बास जुडिरेंट (38) और एट्से बूरमान से (25) ही कुछ सहयोग मिला। जुडिरेंट के साथ उन्होंने पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। फर्नांडो ने हालांकि उसके निचले क्रम को समेटने में देर नहीं लगाई। उन्होंने 9 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि परेरा ने 16 रन देकर दो तथा रंगना हेराथ ने 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। श्रीलंका को विश्व कप में ग्रुप ए में रखा गया है, जहां उसे पहला मैच 20 फरवरी को कनाडा से खेलना है, जबकि हॉलैंड की टीम ग्रुप बी में 22 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ेगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, श्रीलंका, हॉलैंड, अभ्यास मैच
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com