विज्ञापन
This Article is From Apr 26, 2011

कलमाडी बर्खास्त, मल्होत्रा कार्यवाहक अध्यक्ष बने

मल्होत्रा की अध्यक्षता में उनके निवास स्थान पर हुई आईओए अधिकारियों की बैठक में कलमाडी के 15 साल के कार्यकाल को समाप्त करने का फैसला किया गया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi: भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तारी के एक दिन बाद सुरेश कलमाडी को मंगलवार को भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया गया। उनके स्थान पर विजय कुमार मल्होत्रा को सर्वसम्मति से कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मल्होत्रा की अध्यक्षता में उनके निवास स्थान पर हुई आईओए अधिकारियों की बैठक में कलमाडी के 15 साल के कार्यकाल को समाप्त करने का फैसला किया गया। इसके लिए आईओए संविधान के 13बी अनुच्छेद का हवाला दिया गया जिसके अनुसार अध्यक्ष की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष अंतरिम कार्यभार संभाल सकता है। मल्होत्रा ने कहा कि वह महासचिव रणधीर सिंह से मिलकर जल्द से जल्द कार्यकारी बोर्ड की बैठक बुलाएंगे जिसमें कलमाडी की गिरफ्तारी के बाद उत्पन्न स्थिति पर विचार किया जाएगा। रणधीर अभी विदेश में हैं। मल्होत्रा ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, आईओए संविधान साफ है। इसमें कोई पद खाली नहीं छोड़ा जा सकता है और आईओए का कार्य सतत चलता रहेगा। इसलिए मैंने आईओए का कार्यवाहक अध्यक्ष पद स्वीकार किया। उन्होंने कहा, मैं संविधान के अनुसार जल्द से जल्द कार्यकारी बोर्ड की बैठक बुलाऊंगा। महासचिव (रणधीर सिंह) दिल्ली लौट रहे हैं और उनसे विचार-विमर्श के बाद मैं कार्यकारी बोर्ड की बैठक आहूत करूंगा। हम बैठक में सभी मसलों पर विचार विमर्श करेंगे। आईओए अधिकारियों को विधेयक पर चर्चा के लिए दो मई को खेल मंत्रालय के अधिकारियों से मिलना था। मंत्रालय ने उन्हें यही तारीख दे रखी है। सूत्रों ने कहा, हमारी बैठक एक मई को होनी है लेकिन कुछ अन्य कारणों से पूरी संभावना है कि हम कलमाडीकी गिरफ्तारी और भविष्य की स्थिति पर चर्चा करेंगे। जब महासचिव रणधीर सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि रात तक दिल्ली पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा, मैं जल्द ही पहुंच रहा हूं और स्थिति का जायजा लूंगा। अभी कोई बैठक नहीं बुलायी गयी है। खेल मंत्रालय ने सोमवार को आईओए से नया अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए कहा था क्योंकि जो व्यक्ति जेल में हो या जिसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया हो वह किसी संगठन का प्रमुख नहीं रह सकता है। आईओए संविधान के अनुसार किसी भी व्यक्ति को आम सभा की दो तिहाई मतों से बर्खास्त किया जा सकता है। आईओए के ढांचे के अनुसार केवल एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष होगा जबकि 12 उपाध्यक्ष होंगे जिनमें जेएस गहलौत, अभय सिंह चौटाला, जगदीश टाइटलर, भुवनेश्वर कालिता और तरलोचन सिंह भी शामिल हैं।  रणधीर सिंह महासचिव हैं जबकि एन रामचंद्रन कोषाध्यक्ष हैं। इसके अलावा छह संयुक्त सचिव हैं जिनमें ललित भनोट भी है। कार्यकारी समिति में 19 सदस्य हैं। कलमाडी के करीबी भनोट और वीके वर्मा पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के मसले पर जेल में है। आईओए में अधिक सदस्यों को इसलिए रखा गया है ताकि सभी राष्ट्रीय महासंघों को इसमें प्रतिनिधित्व मिल जाए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सुरेश कलमाडी, विजय कुमार मल्होत्रा, आईओए, Suresh Kalmadi, IOA, Vijay Kumar Malhotra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com