भारतीय ओलिंपिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ को चेताया है कि इस साल दिसंबर में होने वाली चैम्पियंस ट्राफी का स्थान नहीं बदले।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
भारतीय ओलिंपिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ को चेताया है कि इस साल दिसंबर में होने वाली चैम्पियंस ट्राफी का स्थान नहीं बदले। आईओए के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि एफआईएच ने भारत में हॉकी की लोकप्रियता देखते हुए इसे मेजबानी सौंपी थी। ऐन मौके पर आयोजन स्थल में बदलाव का असर देश में हॉकी पर पड़ेगा। मल्होत्रा ने कहा, हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और लाखों लोग हॉकी पसंद करते हैं। हॉकी प्रेमी ध्यानचंद के नाम पर बने स्टेडियम में दुनिया की शीर्ष टीमों को फिर भिड़ते देखना चाहते हैं। उन्होंने एफआईएच प्रमुख लिएंड्रो नेग्रे को आश्वासन दिया कि भारत में हॉकी प्रशासन को लेकर विवाद सर्वसम्मति से सुलझा लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, एफआईएच का सरोकार हॉकी इंडिया से ही रहा है और आगे भी रहेगा। मल्होत्रा ने कहा कि आईओए को इल्म है कि सरकार ने दोनों महासंघों को एक साथ लाने की कोशिश की है जो कामयाब नहीं है। उन्होंने कहा, लेकिन इसके यह मायने नहीं है कि चैम्पियंस ट्राफी भारत में नहीं होगी। एफआईएच को इस मामले में सरकार के नहीं, हॉकी इंडिया और आईओए के संपर्क में रहना चाहिए। उन्होंने कहा, हम खेल मंत्रालय को अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं।