भारत की महिला निशानेबाजों ने सोमवार को उम्दा प्रदर्शन करते हुए 17वें एशियाई खेलों की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य जीता।
हिना सिद्धू, राही सरनोबत और अनीसा सैयद की भारतीय टीम ने यह सफलता हासिल की। दक्षिण कोरिया को इस स्पर्धा का स्वर्ण और चीन को रजत मिला।
भारतीय दल ने कुल 1729 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीत चुकीं राही ने 580, अनीसा ने 577 और हिना ने 572 अंक हासिल किए।
चीन ने 1747 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। कोरियाई टीम 1748 अंकों के साथ स्वर्ण जीतने में सफल रही।
भारत ने निशानेबाजी में अब तक कुल चार पदक हासिल किए हैं। इसमें एक स्वर्ण और तीन कांस्य शामिल हैं। स्वर्ण जीतू राय ने 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में जीता था।
भारत ने अब तक कुल पांच पदक जीते हैं। इसमें चार कांस्य और एक स्वर्ण शामिल है। भारत पदक तालिका में सातवें क्रम पर है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं