भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले अभ्यास मैच के जरिये लय हासिल कर विश्व कप अभियान की शुरुआत सकारात्मक तरीके से करना चाहेगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरू:
भारतीय टीम रविवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले अभ्यास मैच के जरिये लय हासिल कर विश्व कप अभियान की शुरुआत सकारात्मक तरीके से करने की कोशिश करेगी। टीम इंडिया 2007 विश्व कप के पहले मैच में बांग्लादेश से हारकर शुरुआती राउंड में बाहर हो गई थी और इस निराशाजनक प्रदर्शन की यादें अब भी महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम के दिमाग में ताजा होगी इसलिए गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी जो इंग्लैंड को 6-1 से रौंदकर टूर्नामेंट में आत्मविश्वास से ओत-प्रोत होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिन रात्रि का यह अभ्यास मैच भारत के लिए काफी अहमियत रखता है क्योंकि इसके जरिये उसे अपने कुछ खिलाड़ियों वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी तिकड़ी की फिटनेस आजमाने का बढ़िया मौका मिल जाएगा जो चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। सहवाग भी कुछ रन बनाने की कोशिश करेंगे क्योंकि दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट श्रृंखला में वह ज्यादा रन नहीं बटोर सके थे और फिर कंधे की चोट के कारण वह वनडे श्रृंखला भी नहीं खेल पाए थे। तेंदुलकर भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दक्षिण अफ्रीका से लौट गए थे और वह भी अपने अंतिम विश्व कप में प्रभावित करने के लिए बेताब होंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
लय, कोशिश, भारतीय टीम