विज्ञापन
This Article is From Sep 26, 2014

एशियन गेम्स : भारत ने स्क्वॉश टीम में दो रजत पक्के किए

इंचियोन:

भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ियों ने मौजूदा एशियाई खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है और पुरुष और महिला दोनों टीमों ने फाइनल में जगह बनाकर कम से कम देश के लिए दो रजत पदक पक्के किए।

जोशना चिनप्पा, दीपिका पल्लिकल और अनाका अलंकामोनी की महिला टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया, जिसके बाद महेश मंगावकर, सौरव घोषाल और हरिंदर पाल सिंह संधू की टीम ने कुवैत को इसी अंतर से पराजित किया।

घोषाल का सामना फिर से अलमेझयान अब्दुल्ला से था, जिनसे वह एकल फाइनल में करीबी अंतर से हार गए थे। इन दोनों के बीच आज फिर से पांच गेम तक कड़ा मुकाबला चला लेकिन भारतीय खिलाड़ी आखिर में अपनी पिछली हार का बदला चुकता करने में सफल रहा।

एकल में रजत पदक से संतोष करन वाले घोषाल ने अब्दुल्ला के खिलाफ 62 मिनट तक चले मैच में 11-8, 7-11, 11-9, 5-11, 11-3 से हराकर भारत को फाइनल में पहुंचाया। इससे पहले मंगावकर ने कुवैत के अलतामिमि अल अम्मार को 37 मिनट में 11-4, 11-3, 12-10 से हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई थी। भारत को 2-0 की अजेय बढ़त मिलने के बाद संधू को कोर्ट पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
स्क्वॉश, भारतीय टीम, एशियन गेम्स, Indian Team, Squash Medals, Asian Games
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com