विज्ञापन
This Article is From Jun 29, 2014

फीफा वर्ल्डकप : रॉड्रिगेज के दोहरे गोल की बदौलत कोलंबिया क्वार्टर फाइनल में

फीफा वर्ल्डकप : रॉड्रिगेज के दोहरे गोल की बदौलत कोलंबिया क्वार्टर फाइनल में
रियो डी जेनेरियो:

मरकाना स्टेडियम में फीफा विश्वकप-2014 के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में कोलंबिया ने हेमस रॉड्रिगेज के दो गोलों की बदौलत पूर्व चैंपियन उरूग्वे को 2-0 से मात दे दी। इसके साथ ही कोलंबिया ने विश्वकप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि ऑस्कर तबारेज की टीम उरूग्वे को बाहर का रास्ता देखना पड़ा।

मैच के 28वें मिनट में रॉड्रगेज ने एबेल एग्यूलार के ऊंचे पास को डी एरिया के बाहर सीने पर रोका और बाएं पैर के दमदार शॉट से उरूग्वे के गोल का रास्ता दिखा दिया। गेंद गोलपोस्ट के ऊपरी बार से टकराते हुए गोल में जा घुसी।

उरूग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा ने इसे रोकने की भरपूर कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से टकराकर गोल में चली गई। रॉड्रिगेज का यह गोल इतना शानदार था कि इसे इस विश्वकप का अब तक का सबसे शानदार गोल माना जा रहा है। मध्यांतर तक कोलंबिया ने मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और उरूग्वे पर लगभग पूरी तरह हावी रहा।

स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज की गैर मौजूदगी में उरूग्वे का प्रदर्शन मध्यांतर से पहले तक बेहद फीका रहा। मध्यांतर तक कोलंबिया ने गेंद पर कब्जा बनाए रखने में 63 फीसदी तक सफलता हासिल की और इस दौरान उन्होंने उरूग्वे के गोलपोस्ट पर सात जानदार हमले किए। जबकि उरूग्वे मध्यांतर से पहले तक गोल के सिर्फ तीन मौके बना सका। पहला गोल खाने के बाद उरूग्वे ने जरूर जवाबी हमला करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।

मध्यांतर तक कोलंबिया अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहा। मध्यांतर के बाद 50वें मिनट में एक बार फिर रॉड्रिगेज ने अपना और कोलंबिया के लिए दूसरा गोल कर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। गोलपोस्ट के बाएं कॉर्नर से दिए गए ऊंचे पास को जुआन कुआडराडो ने हेडर के जरिए वापस रॉड्रिगेज की ओर गेंद पास की, जिसे रॉड्रिगेज ने गोल में तब्दील करने में कोई चूक नहीं की।

रॉड्रिगेज का मौजूदा विश्वकप में यह पांचवां गोल था और वह मेसी, नेमार से आगे निकलते हुए गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे निकल गए। मोनाको के लिए खेलने वाले रॉड्रिगेज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मध्यांतर के बाद उरूग्वे ने अपनी आक्रामकता बढ़ाई जरूर, लेकिन कोलंबिया के गोलकीपर ओस्पिना ने एडिंसन कावानी और पेरेरा द्वारा किए गए गोल की कई कोशिशों का बहुत ही शानदार बचाव किया। लाख कोशिशों के बावजूद उरूग्वे एक भी गोल नहीं कर सकी और उसे बाहर का रास्ता देखना पड़ा। कोलंबिया क्वार्टर फाइनल में 4 जुलाई को फोटार्लेजा के एस्टेडिये कैस्टेलाओ स्टेडियम में मेजबान ब्राजील से भिड़ेगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फीफा वर्ल्डकप 2014, फुटबॉल विश्वकप 2014, कोलंबिया, उरूग्वे, हेमस रॉड्रिगेज, FIFA World Cup 2014, Football World Cup 2014, Colombia, Uruguay, James Rodriguez
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com