विज्ञापन
This Article is From Jun 15, 2015

फुटबॉल वर्ल्ड कप : गुआम से मुकाबले के लिए तैयार टीम इंडिया

फुटबॉल वर्ल्ड कप : गुआम से मुकाबले के लिए तैयार टीम इंडिया
सुनील छेत्री की फाइल फोटो
नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल टीम 2018 फीफा वर्ल्ड कप के प्री-क्वालिफ़िकेशन मैच में मंगलवार को गुआम से टक्कर लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ग्रुप डी में भारत के साथ गुआम, ईरान और तुर्कमेनिस्तान की टीम है। ग्रुप में से टॉप दो टीम क्वालिफ़िकेश के अगले दौर में जाएंगी।

क्वालिफ़ायर में ये भारत का दूसरा मैच है। बेंगलुरु में खेले गए पहले मैच में टीम को ओमान ने 2-1 से हरा दिया था।
वहीं गुआम ने तुर्कमेनिस्तान के ख़िलाफ़ खेले गए अपने पहले मैच में 1-0 से जीत हासिल की थी।

वर्ल्ड फ़ुटबॉल में अगर रैंकिंग की बात करें तो भारत की रैंकिंग 141 है, जबकि गुआम की रैंकिंग 174 है, लेकिन भारत को अपने ग्रुप में अब भी जीत का इंतज़ार है। ऐसे में टीम इंडिया को हर हाल में जीत की ज़रूरत है, जिससे की उसकी क्वालिफ़ायर में आगे की राह आसान होगी।

भारत के कोच कांस्टेनटाइन ने मैच से पहले कहा कि वह रैंकिंग पर ज़्यादा ध्यान नहीं दे रहे हैं। कोच के मुताबिक, 'गुआम ने अपना आख़िरी मैच जीता है, ऐसे में उनकी टीम मुक़ाबले को हल्के में नहीं ले रही है।'

इस मैच में एक बार फिर टीम की कप्तानी सुनील छेत्री करेंगे। छेत्री ने कहा, 'टीम एक-एक मैच पर ध्यान दे रही है, जिससे लक्ष्य को हासिल करना आसान हो सके।'

अगर दोनों टीमों के बीच हुए मुक़ाबले की बात करें, तो भारत ने आख़िरी और एकमात्र बार 2013 के एएफ़सी चैलेंज़ कप यंगून में खेला था। भारत ने यह मैच 4-0 से जीता था।

अब देखना दिलचस्प होगा कि गुआम की टीम पिछली हार का बदला लेती है या फिर टीम इंडिया गुआम से ना हारने का रिकॉर्ड बरक़रार रखती है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फुटबॉल, गुआम, फीफा वर्ल्ड कप, भारत बनाम गुआम, Football, Guam, Fifa World Cup, India Vs Guam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com