विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2014

फीफा 2014 : जीतकर भी बाहर हो गया रोनाल्डो का पुर्तगाल

ब्रासीलिया (ब्राजील):

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आखिरकार अपने पांवों की जादूगरी दिखाकर गुरुवार को ब्रासीलिया में पुर्तगाल को ग्रुप-जी के अपने आखिरी लीग मैच में घाना पर 2-1 से जीत दिलाई, लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम विश्वकप फुटबॉल के पहले दौर से बाहर हो गई।

पुर्तगाल को अगले दौर में पहुंचने के लिए इस मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज करने और दूसरी तरफ से रीसीफे में जर्मनी या अमेरिका में से किसी एक की हार की दुआ करनी थी। जर्मनी ने मैच 1-0 से जीता। इस तरह से पुर्तगाल और अमेरिका के समान 4.4 अंक रहे, लेकिन गोल अंतर में पिछड़ने के कारण पुर्तगाल का अंतिम 16 में पहुंचने का सपना पूरा नहीं हो पाया। पुर्तगाल को जर्मनी के हाथों 0-4 की हार महंगी पड़ी क्योंकि उसके खिलाफ सात गोल हुए जबकि अमेरिका ने केवल चार गोल खाये। इन दोनों ने समान चार-चार गोल किए थे।

पुर्तगाल को बढ़त 31वें मिनट में जोस बोए के आत्मघाती गोल से मिली जबकि रोनाल्डो ने 80वें मिनट में विजयी गोल दागा। इस बीच असमोह ग्यान ने 57वें मिनट में बराबरी का गोल किया। घाना ने रोनाल्डो को घेरे रखने की रणनीति अपनाई, लेकिन सेंट्रल स्ट्राइकर के रूप में खेल रहे इस स्टार फुटबॉलर ने अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज कराई। वह पहले हाफ में दो बार गोल तक पहुंचे, लेकिन दोनों अवसरों पर गोलकीपर फतावु दौदा ने उनके प्रयासों को नाकाम किया।

उनके पास पहला अच्छा मौका 19वें मिनट में आया जबकि जोओ परेरा ने दायें छोर से घाना के बॉक्स में गेंद पहुंचायी। रोनाल्डो ने इस पर करारा हेडर जमाया लेकिन दौदा भी मुस्तैद थे और उन्होंने उसे रोकने में कोई गलती नहीं की।

रोनाल्डो ने फिर अपनी कलाकारी दिखाने की कोशिश की लेकिन उनकी राह में बोए सबसे बड़े रोड़ा बने रहे। इस बीच असमोह ग्यान ने अफ्रीकी टीम को बराबरी दिलाकर मैच को रोमांचक भी बनाया।

क्वादो असमोह ने बायें छोर से ग्यान के पास क्रास पहुंचाया जिन्होंने बेटो को छकाकर उसे गोल में डाला। ग्यान का यह विश्वकप में छठा गोल था और इस तरह से वह कैमरून के रोजर विला का रिकॉर्ड तोड़कर अफ्रीका महाद्वीप की तरफ से विश्वकप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके चार मिनट बाद घाना के पास बढ़त बनाने का सुनहरा मौका था लेकिन मजीद वारिस ने हेडर बाहर जमा दिया।

ग्यान ने बायें छोर से बहुत अच्छा मूव बनाया और अपने दायें पांव से लहराता हुआ शाट गोल के करीब पहुंचाया लेकिन वारिस उस पर सही तरह से हेडर नहीं लगा पाये। पुर्तगाल के प्रशंसकों ने आखिर में रोनाल्डो का वह जादुई टच 80वें मिनट में देखा जिसके लिए वह दुनिया में मशहूर हैं। जब गेंद घाना के गोल के करीब हवा में तैर रही थी तब जोनाथन मेनसाह ने हेडर से उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन रोनाल्डो को तो मानो इसी पल का इंतजार था।

उन्होंने अपने बायें पांव से जबर्दस्त शॉट लगाकर उसे गोल के हवाले कर दिया। रोनाल्डो जानते थे कि पुर्तगाल को बड़े अंतर से जीत की दरकार है। उन्होंने इसके बाद भी वेलोसो के साथ मिलकर गोल करने का अच्छा प्रयास किया, लेकिन दौदा ने इसके नाकाम कर दिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फीफा वर्ल्ड कप 2014, पुर्तगाल टीम, पुर्तगाल बनाम घाना, FIFA World Cup 2014, Portugal Team, Portugal Vs Ghana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com