विज्ञापन
This Article is From Jul 26, 2015

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के पास सुनहरा मौक़ा : गोपीचंद

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के पास सुनहरा मौक़ा : गोपीचंद
साइना नेहवाल (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: अगले महीने इंडोनेशिया में होने वाले वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत की दावेदारी काफ़ी मज़बूत है। भारतीय टीम के कोच पुलेला गोपीचंद ने कहा है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी कई पदक जीत सकते हैं।

इंडोनेशिया के जकार्ता में 10 अगस्त से 16 अगस्त के बीच वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपिनशिप का आयोजन होने जा रहा है। टूर्नामेंट में रैंकिंग के लिहाज़ से भारत की ओर से साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत टॉप खिलाड़ी हैं। मौजूदा रैंकिंग में साइना दूसरे नंबर पर हैं, जबकि पुरुषों में के श्रीकांत को तीसरी रैंकिंग हासिल है।

कोच गोपीचंद ने कहा, 'जकार्ता में हमारे पास कई वर्ग में पदक जीतने का अच्छा मौक़ा है। पी कश्यप, श्रीकांत, पीवी सिंधू, एचएस प्रणय जैसे खिलाड़ी है। हालांकि प्रणय ने हाल ही में चोट से वापसी की है, लेकिन वो खेलेंगे।'

कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता पी कश्यप के प्रदर्शन में इस सीज़न उतार-चढ़ाव ज़रूर देखने को मिला है, लेकिन वो भी मुक़ाबले के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। गोपीचंद ने भी कश्यप की कड़ी मेहनत को सराहते हुए कहा कि अस्थमा होते हुए भी कश्यप कोर्ट पर काफ़ी मेहनत करते हैं और फिलहाल टॉप फ़ॉर्म में हैं।

वहीं पीवी सिंधू की वापसी पर कोच की राय कुछ जुदा नहीं है। गोपीचंद ने कहा कि तीन महीने बाद वापसी कर रहीं सिंधू के लिए टूर्नामेंट आसान नहीं होगा, लेकिन कुछ समय में वो लय हासिल कर लेंगी।

टूर्नामेंट के लिए साइना नेहवाल कड़ी तैयारी कर रही हैं। साइना के मुताबिक वर्ल्ड चैंपिनशिप जैसे टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों को फ़िट रहना होता है, तभी वो लक्ष्य हासिल कर सकेंगे। साइना ने कहा, 'मेरे ख़्याल से मेरा प्रदर्शन अच्छा होना चाहिए, लेकिन सब कुछ मेरी फ़िटनेस पर निर्भर करेगा।' वर्ल्ड नंबर दो खिलाड़ी साइना अपने कोच विमल कुमार के साथ जमकर अभ्यास में जुटी हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पी गोपीचंद, साइना नेहवाल, वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप, Pullela Gopichand, Saina Nehwal, World Badminton Championship
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com