भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को 20वें राष्ट्रमंडल खेलों के अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से 2-4 से हार गई।
ग्लासगो नेशनल हॉकी स्टेडियम में हुए ग्रुप मुकाबले में गत रजत पदक विजेता भारतीय टीम की शुरुआत काफी लचर रही और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जल्द ही 2-0 की बढ़त लेने में सफलता पा ली।
मध्यांतर तक भारत तीन गोल खा चुका था और जवाब में सिर्फ रुपिंदर पाल सिंह एक गोल कर पाए थे। रुपिंदर ने यह गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किया।
मध्यांतर तक 1-3 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने मध्यांतर के बाद रक्षात्मक रुख अपनाया और ऑस्ट्रेलियाई टीम को गोल करने के बहुत ही कम मौका दिया। मध्यांतर से पहले ऑस्ट्रेलिया जहां भारतीय गोलपोस्ट पर छह हमले करने में सफल रहा था, वहीं मध्यांतर के बाद वह सिर्फ दो हमले कर सका।
भारत ने मध्यांतर के बाद फील्ड गोल के एकमात्र मिले अवसर को गोल में तब्दील करने में सफलता पाई। रमनदीप सिंह ने यह गोल कर भारत के लिए सिर्फ गोल अंतर कम करने का काम ही किया।
दोनों ही टीमों को मैच में तीन-तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जिसमें दोनों ही टीमें एक-एक बार सफलता हासिल कर सकीं।
नई दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया से मिली 8-0 की अपेक्षा इस मैच में भारतीय टीम ने कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।
भारतीय टीम अब ग्रुप चरण के आखिरी एवं निर्णायक मुकाबले में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं