विज्ञापन
This Article is From Jul 25, 2014

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : मलायका की 'चांदी' के बाद अभिनव ने दिलाया सोना

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : मलायका की 'चांदी' के बाद अभिनव ने दिलाया सोना
ग्लास्गो:

स्कॉटलैंड की राजधानी में जारी 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में शुक्रवार को भारत को निशानेबाजी में दो पदक प्राप्त हुए। महिला वर्ग में जहां मलायका गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया वहीं बीजिंग ओलम्पिक के हीरो अभिनव बिंद्रा ने स्वर्ण पर निशाना लगाया। महिला वर्ग में भारत की पदक की दावेदार हिना सिद्धु ने निराश किया।

मलायका ने 378 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन में चौथा स्थान हासिल किया था और अब मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में वह देश के लिए निशानेबाजी में पहला पदक जीतने में सफल रहीं।

हिना इस स्पर्धा के क्वालीफिकेशन में 383 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही थीं लेकिन फाइनल में वह निराशाजनक तौर पर सातवें स्थान पर रहीं।

16 साल की मलायका ने फाइनल में कुल 197.1 अंक हासिल किए। सिंगापुर की शुन जी तेओ ने इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता। कांस्य कनाडा की डोरोथी लुडविक को मिला।

तेओ ने फाइनल में 198. 6 अंक हासिल किए। इसी तरह लुडविक ने 177.2 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। क्वालीफिकेशन में पहले स्थान पर रहीं हिना सिर्फ 95.8 अंक हासिल कर सकीं।

इसी तरह क्वालीफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहीं आस्ट्रेलिया की ललिता वाई. को 157.7 अंकों के साथ चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

बीजिंग ओलम्पिक में स्वर्ण जीत चुके अभिनव ने भारत को कुल तीसरा स्वर्ण दिलाया। इस स्पर्धा में रजत पदक बांग्लादेश के अब्दुल्ला बाकी जबकि कांस्य इंग्लैंड के डेनियल रिवर्स ने जीता।

अभिनव ने क्वालीफिकेशन में पहला स्थान हासिल किया था। उन्होंने फाइनल में सबसे अधिक 20.3 अंक हासिल किए। बाकी को 202.1 अंक प्राप्त हुए जबकि रिवर्स को 182.4 अंक मिले।

इस स्पर्धा में भारत के आर. कुमार 162.4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत अभी तक तीन स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीत चुका है। भारत को बाकी के दो स्वर्ण गुरुवार को भारोत्तोलन में मिले थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ग्लास्गो, राष्ट्रमंडल खेल 2014, अभिनव बिंद्रा, 10 मीटर राइफल शूटिंग, Glasgov, Commonwealth Games 2014, Abhinav Bindra, 10 Meter Rifle Shooting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com