क्या मैंने कोई गुनाह किया... राघव चड्ढा का वो VIDEO, जिसने ला दिया भूचाल

  • 2:18
  • प्रकाशित: अप्रैल 03, 2026

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में अपनी कथित बोलने की पाबंदी को लेकर तीखा बयान दिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता के मुद्दों को संसद में उठाना कोई अपराध हो गया है. राघव चड्ढा ने कहा कि जब-जब उन्हें संसद में बोलने का मौका मिला, उन्होंने आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए. उनके मुताबिक, वे ऐसे सवाल और विषय रखते रहे हैं जो आम तौर पर संसद में चर्चा का हिस्सा नहीं बनते. उन्होंने कहा, “क्या पब्लिक इश्यूज पर बात करना कोई गुनाह है? क्या मैंने कुछ गलत किया?”

राघव चड्ढा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सचिवालय को यह सूचना दी गई है कि उन्हें संसद में बोलने का अवसर न दिया जाए. इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कोई उनकी आवाज को क्यों दबाना चाहेगा, जबकि वे देश के आम आदमी की बात रख रहे हैं.

उन्होंने बताया कि उन्होंने संसद में एयरपोर्ट पर महंगे खाने, ज़ोमैटो और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म्स के डिलीवरी राइडर्स की समस्याओं, खाने में मिलावट, टोल प्लाज़ा और बैंक चार्ज से जुड़ी कथित “लूट”, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ, कंटेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक, टेलीकॉम कंपनियों के बार-बार रिचार्ज, डेटा रोलओवर न मिलने और रिचार्ज खत्म होते ही इनकमिंग बंद होने जैसे मुद्दे उठाए.

राघव चड्ढा ने कहा कि इन मुद्दों को उठाने से देश के आम आदमी को फायदा हुआ, लेकिन सवाल यह है कि इससे आम आदमी पार्टी को क्या नुकसान हुआ. उन्होंने कहा, 

“भला कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा?”

अपने समर्थकों का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि जनता से उन्हें लगातार प्यार और समर्थन मिलता है, जो उनका हौसला बढ़ाता है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संसद में उनकी चुप्पी को उनकी हार न समझा जाए.

उन्होंने अपने बयान का समापन इन शब्दों के साथ किया, “मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना. मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है.”

 

संबंधित वीडियो