जर्मनी के स्ट्राइकर मीरोस्लाव क्लोस ने मंगलवार को बेलो होरीजेंटो में हुए फीफा विश्वकप-2014 के सेमीफाइनल मैच में ब्राजील के खिलाफ एक गोल कर विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने का कीर्तिमान रच दिया। जर्मनी ने यह मुकाबला 7-1 से जीता।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, क्लोस ने जर्मनी की तरफ से ब्राजील के खिलाफ दूसरा गोल करते ही ब्राजीलियाई दिग्गज रोनाल्डो के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
विश्वकप में क्लोस का यह 16वां गोल था।
लाजियो क्लब के लिए खेलने वाले क्लोस ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी पेले और जर्मनी के उवे सीलर के बाद चार विश्व कप में गोल करने वाले तीसरे खिलाड़ी भी हैं।
क्लोस जर्मनी के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। जर्मनी की तरफ से खेले गए 136 मैचों में क्लोस ने अब तक 71 गोल किए हैं।
विश्वकप में सर्वाधिक गोल करने का कीर्तिमान पिछले आठ वर्षो से रोनाल्डो के नाम था। 1998 से 2006 के बीच विश्वकप में रोनाल्डो ने 15 गोल किए।
ब्राजील की मेजबानी में मौजूदा विश्वकप में जर्मनी का यह छठा मैच था, जिसमें क्लोस दूसरी बार मैच की शुरुआत करने उतरे। वैसे अमूमन कोच जोएकिम लोव उन्हें स्थानापन्न के रूप में उतारते आए हैं।
विश्वकप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी :
मिरोस्लाव क्लोस, जर्मनी, (2002-14) 16 गोल
रोनाल्डो, ब्राजील, (1998-06) 15 गोल
गेर्ड म्यूलर, पश्चिमी जर्मनी, (1970-74) 14 गोल
जस्ट फोंटेन, फ्रांस, (1958) 13 गोल
पेले, ब्राजील, (1958-70) 12 गोल
संदोर कोकसिस, हंगरी (1954) 11 गोल
जुर्गेन क्लींसमान, जर्मनी (1990-98) 11 गोल
हेल्मट रान, पश्चिमी जर्मनी, (1954-58) 10 गोल
टिओफीलो कुबिलास, पेरू (1970-78) 10 गोल
ग्रीगॉर्ज लाटो, पोलैंड (1974-82) 10 गोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं