कनाडा के कप्तान आशीष बगई ने कहा कि विश्व कप में उनकी टीम की निगाह बड़ा उलटफेर करने की है, ताकि क्वार्टरफाइनल के लिए प्रवेश की संभावना बढ़े।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
ढाका:
कनाडा के कप्तान आशीष बगई ने कहा कि क्रिकेट विश्व कप में उनकी टीम की निगाह बड़ा उलटफेर करने की है, ताकि क्वार्टर फाइनल के लिए प्रवेश की संभावना बढ़ाई जा सके। भारतीय मूल के बगई ने संवाददाताओं से कहा, हमने टीम की हैसियत से अपनी उम्मीदों और लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, हमने इस दौरान टीम के दूसरे चरण में पहुंचने के बारे में बात की। जिम्बाब्वे और कीनिया के साथ होने वाले मैचों में जीत हासिल करना तथा बाकी चार टीमों में किसी एक के खिलाफ उलटफेर जीत हासिल करना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कहा, हम पूरी तैयारी के साथ आए हैं। हम हाल में दुबई में प्रशिक्षण शिविर से लौटे हैं और श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले मैच से पहले हमारा ध्यान दो अभ्यास मैचों पर है। कनाडा विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत आगामी 20 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ हम्बनटोटा में करेगा। ग्रुप ए में अन्य टीमों में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे और कीनिया हैं। इसमें से चार शीर्ष टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। बगई ने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ पहला मैच महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, हमारे लिए यह एक नया स्थान है, इसलिए यह काफी कठिन होगा। यदि हम उनके कुछ गेंदबाजों पर हावी होने में सफल रहे, तो हमारे लिए जीतने की संभावना बढ़ जाएगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
कनाडा, विश्वकप, क्रिकेट, आशीष बगाई