विज्ञापन
This Article is From Jul 31, 2014

विजेंदर सिंह सेमीफाइनल में, पांच मुक्केबाजों के पदक तय

विजेंदर सिंह सेमीफाइनल में, पांच मुक्केबाजों के पदक तय
ग्लास्गो:

ओलिंपिक और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता विजेंदर सिंह सहित पांच भारतीय मुक्केबाजों ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में आज यहां अपने संबंधित भार वर्गों के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्के किए। इनमें दो महिला मुक्केबाज शामिल हैं। विजेंदर सिंह ( 75 किग्रा), मनदीप जांगड़ा (69 किग्रा) और एल देवेंद्रो सिंह (49 किग्रा) ने पुरुष वर्ग में दमदार प्रदर्शन करके जबकि अनुभवी लैशराम सरिता देवी (60 किग्रा) और युवा पिंकी जांगड़ा (51 किग्रा) ने महिला वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

विजेंदर ने त्रिनिदाद और टोबैगो के आरोन प्रिंस को अंकों के आधार पर 3-0 से हराया। उन्होंने बाद में कहा, मैंने मुकाबले के बीच मे अपनी रणनीति बदल दी थी। पहले राउंड में मैं थोड़ा रक्षात्मक होकर खेल रहा था, लेकिन उसने हावी होने की कोशिश की और फिर मुझे अपनी रणनीति बदलनी पड़ी तथा मैं आक्रामक हो गया। उन्होंने कहा, यह मुकाबले के दौरान सही चीजें करने से जुड़ा हुआ है। मैंने अपने प्रतिद्वंद्वी के कुछ मुक्के खाए, लेकिन यह सब मुक्केबाजी का हिस्सा है। आपको मुक्के पड़ेंगे। मैं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा हूं और उम्मीद है कि स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहूंगा। पहले राउंड में विजेंदर दोनों मुक्केबाजों में अधिक रक्षात्मक हो गए थे। दूसरे राउंड में उन्होंने हालांकि तेजी दिखायी और प्रिंस पर मुक्कों की झड़ी लगा दी।

विश्व में तीसरे नंबर के देवेंद्रो ने स्कॉटलैंड के अकील अहमद को जबकि मनदीप रिंग में उतरे बिना ही सेमीफाइनल में पहुंच गए, क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के डेनियल लुईस की आंख के ऊपर चोट लगी थी और उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट करार दिया गया। मणिपुर की पूर्व एशियाई चैंपियन 32 वर्षीय सरिता ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए वेल्स की चार्लेने जोंस को 3-1 से हराया। अब उसका सामना शुक्रवार को सेमीफाइनल में मोजाम्बिक की मारिया माचोंगुआ से होगा।

सरिता देवी ने अपनी जीत के बाद, मैं भारत और अपने बेटे के लिए यह पदक जीतना चाहती हूं। मैंने पिछले पांच महीने से उसे नहीं देखा है क्योंकि मैं भारतीय टीम के साथ अभ्यास कर रही थी। मुझे उसकी बहुत याद आती है। जब मैं गर्भवती थी तब मेरा वजन 85 किग्रा हो गया, लेकिन बच्चा होने के बाद मेरे पति ने मेरा पूरा साथ दिया। मैं अपना पदक सभी भारतीयों को समर्पित करना चाहती हूं। राष्ट्रीय ट्रायल में ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता मेरीकाम को हराकर भारत की राष्ट्रमंडल टीम में जगह बनाने वाली पिंकी ने पापुआ न्यू गिनी की जैकलीन वांगी को 3-0 से हराया।

भारत ने अब तक 10 स्वर्ण, 19 रजत और 12 कांस्य सहित कुल 41 पदक जीते हैं और वह पदक तालिका में अभी छठे स्थान पर है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vijender Singh, Boxer, Commonwealth Games 2014, विजेंदर सिंह, बॉक्सिंग, कॉमनवेल्थ गेम्स 2014, राष्ट्रमंडल खेल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com