विज्ञापन
This Article is From May 18, 2015

रोनाल्डो पर भारी मेस्सी, बार्सिलोना बना चैंपियन

रोनाल्डो पर भारी मेस्सी, बार्सिलोना बना चैंपियन
नई दिल्ली: लियोनेल मेस्सी के निर्णायक गोल की बदौलत बार्सिलोना ने एटलेटिको मैड्रिड को 1-0 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल चैंपियनशिप ला-लीगा पर कब्जा जमा लिया है, हालांकि लीग में अभी बार्सिलोना का एक मुक़ाबला बाकी है, लेकिन टीम पहले ही चैंपियन बन चुकी है।

बार्सिलोना ने बीते सात साल में पांच बार ला-लीगा चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया है। वैसे कुल मिलाकर टीम 23वीं बार चैंपियन बनने में कामयाब रही। बार्सिलोना के लिए लियोनल मेस्सी दसवें साल खेल रहे हैं और इसमें सात बार उन्होंने अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया है।

इस सीजन ला-लीगा में बार्सिलोना और रियाल मैड्रिड की टीम के बीच खिताबी होड़ आखिरी दौर तक देखने को मिला। एटलेटिको मैड्रिड के खिलाफ जीत की बदौलत अंक तालिका में बार्सिलोना ने रियाल मैड्रिड पर 4 अंकों की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।

इसके चलते रियाल मैड्रिड के चैंपियन बनने की उम्मीदें खत्म हो गईं, हालांकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रिकॉर्ड 26वीं हैट्रिक की बदौलत रियाल मैड्रिड ने इस्पियानोल को 4-1 से जरूर हराया, लेकिन बार्सिलोना अपना मैच जीतकर निर्णायक बढ़त हासिल करने में कायमाब रही।

ला-लीगा में सबसे ज्यादा हैट्रिक बनाने का रिकॉर्ड बनाने वाले रोनाल्डो ने इस सीजन में गोल भी सबसे ज्यादा किए, लेकिन टीम को चैंपियन नहीं बना सके। रोनाल्डो ने टीम की ओर से इस सीजन 34 मैचों में 45 गोल दागे वहीं लियोनल मेस्सी ने 37 मैचों में 41 गोल किए।

मैस्सी के अलावा बार्सिलोना की जीत में ब्राजीली स्ट्राइकर नेमार और लुई सुआरेज का भी अहम योगदान रहा। इन तीनों ने अब तक ला-लीगा में 79 गोल किए हैं और इस तिकड़ी की बदौलत ही टीम खिताब पर कब्जा जमाने में कामयाब रही।

वैसे बार्सिलोना के सामने इस सीजन में खिताबों की हैट्रिक पूरा करने का मौका भी है। टीम चैंपियंस लीग के फ़ाइनल में 6 जून को यूवेंटस से भिड़ रही है वहीं किंग्स कप फ़ाइनल में एथलेटिक बिलबाओ से बार्सिलोना का मुक़ाबला 30 मई को होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लियोनेल मेस्सी, बार्सिलोना, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, एटलेटिको मैड्रिड, Barcelona, Atletico Madrid, La Liga Title, Lionel Messi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com