लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत चुके भारत के योगेश्वर दत्त ने अपनी स्वर्णिम सफलता को जारी रखते हुए रविवार को 17वें एशियाई खेलों की फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा के 65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता। योगेश्वर ने डोवोन जिम्नेजियम में हुए फाइनल में ताजिकिस्तान के जालिमखान युसुपोव को 3-0 से पराजित किया।
पिछले दो राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार दो स्वर्ण जीतने वाले योगेश्वर ने 17वें एशियाई खेलों में भारत को कुश्ती का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। भारत अब तक कुश्ती में दो कांस्य भी जीत चुका है।
योगेश्वर ने पहले राउंड में तकनीकी अंक के आधार पर 1-0 से जीत हासिल की। दूसरे राउंड में जालिमखान ने जमकर संघर्ष किया, हालांकि वह कोई भी तकनीकी अंक हासिल करने में असमर्थ रहे। योगेश्वर को तकनीकी आधार पर 3-0 से विजेता घोषित किया गया।
इस बीच, सत्यव्रत कादियान जरूर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के 97 किलोग्राम वर्ग का कांस्य पदक जीतने से चूक गए। कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में कादियान कजाकिस्तान के मामेद इब्रामिगोव से 0-3 से हार गए।
इब्रामिगोव ने सावधानीपूर्वक खेलते हुए पहले राउंड में तकनीकी अंक के आधार पर कादियान को 1-0 से हराया। दूसरे राउंड में भी कादियान अधिक जोखिम नहीं ले रहे थे और तकनीकी आधार पर 1-0 की बढ़त ले चुके थे।
दूसरे राउंड में पिछड़ने के बाद कादियान ने वापसी करने के लिए अतिरिक्त जोखिम लिया, हालांकि उसका फायदा उल्टे इब्रामिगोव ने ही उठाया और उन्हें 2-0 से हराने में कामयाब रहे। एशियाई खेलों में भारत अब तक कुल चार स्वर्ण पदक जीत चुका है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं