भारत ने 17वें एशियई खेलों में अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। पुरुष कम्पाउंड तीरंदाजी टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला। भारतीय महिला कम्पाउंड टीम ने तीसरे स्थान के प्ले आफ में ईरान को हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
अभिषेक वर्मा, रजत चौहान और संदीप कुमार की भारतीय पुरुष तिकड़ी ने मेजबान देश पर करीबी जीत दर्ज की, जिससे भारत ने आठ दिनों में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। निशानेबाज जीतू रात ने प्रतियोगिता के पहले दिन स्वर्ण पदक हासिल किया था।
आज करीबी मुकाबले में चोई योंग ही, मिन लि होंग और यांग यंग हो की दक्षिण कोरियाई टीम महज दो अंक से पिछड़कर स्वर्ण गंवा बैठी। वहीं भारतीय टीम ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में दबाव के बावजूद संयम बरतते हुए जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष टीम ने 12 टैन्स से अंक हासिल किए, जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम के 13 टैन्स रहे।
भारतीय महिला तीरंदाजी टीम की तृषा देब, पूर्वाशा शेंडे और ज्योति सुरेखा ने कम्पाउंड स्पर्धा में ईरान को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। चीनी ताइपे से गुरुवार को सेमीफाइनल हारने वाली भारतीय टीम ने ईरान के खिलाफ 224 शॉट मारे। वहीं ईरान की टीम की साकिनेह घासेमपोर, मरयान रंजबरसारी और शबनम शर्लाक 217 अंक ही हासिल कर सकीं।
दोनों ही टीमों ने नौ-नौ बार 10 अंक हासिल किए। ईरान की टीम हालांकि केवल आठ बार नौ अंक हासिल कर सकी, जबकि भारत ने 14 बार नौ अंक अर्जित किए और इसी अंतर ने भारतीय टीम को आगे कर दिया। कम्पाउंड स्पर्धा का स्वर्ण दक्षिण कोरिया ने जीता। दक्षिण कोरिया ने चीनी ताइपे को 229-226 से हराया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं