पुरुषों की स्क्वाश और तीरंदाजी टीमों के ऐतिहासिक स्वर्ण की बदौलत 17वें एशियाई खेलों में आज का दिन भारत के लिए सबसे शुभ रहा, जिसमें 11 पदक जीतकर भारत पदक तालिका में 11वें स्थान पर पहुंच गया।
दिन के हीरो युवा तीरंदाज अभिषेक वर्मा रहे, जिन्होंने रजत चौहान और संदीप कुमार के साथ मिलकर कंपाउंड टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। उन्हें हालांकि गेयांग एशियाड तीरंदाजी फील्ड में व्यक्तिगत स्पर्धा में फाइनल में हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इसके बाद सौरव घोषाल की अगुवाई में पुरुष स्क्वाश टीम ने स्वर्ण जीता जबकि दीपिका पल्लीकल, अनाका अलंकामोनी और जोशना चिनप्पा की भारतीय महिला स्क्वाश टीम को भी फाइनल में मलेशिया के हाथों शिकस्त के बाद रजत पदक मिला।
एथलीट ललिता बाबर ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेस में रजत पदक जीता, जबकि निशानेबाज चैन सिंह (50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन), तीरंदाज त्रिशा देब (महिला कंपाउंड व्यक्तिगत), महिला कुश्ती में विनेश फोगाट (महिलाओं का 48 किलोवर्ग), गीतिका जाखड़ (महिलाओं का 63 किलो) और एथलीट सुधा सिंह (महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेस) ने कांस्य पदक जीता।
वहीं त्रिशा, पूर्वशा शेंदे और ज्योति सुरेखा वेनाम की तीरंदाजी महिला कंपाउंड टीम भी कांस्य पदक जीतने में सफल रही। इसके साथ ही टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों के सेमीफाइनल में पहुंचने से कम से कम पांच कांस्य पक्के हो गए।
आज 11 और पदक जीतने के बाद भारत कल के 16वें स्थान से छलांग लगाते हुए 11वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के तीन स्वर्ण, पांच रजत और 20 कांस्य पदक हैं। चीन 195 पदक (96 स्वर्ण, 58 रजत और 41 कांस्य) के साथ शीर्ष पर चल रहा है, जबकि उसके बाद मेजबान दक्षिण कोरिया (35 स्वर्ण, 42 रजत और 40 कांस्य) और जापान (32 स्वर्ण, 43 रजत और 38 कांस्य) का नंबर आता है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं