अकरम का कहना है कि भारत के यूसुफ पठान और ऑस्ट्रेलिया के वाटसन की तरह पाक के अब्दुल रज्जाक में भी बेहतरीन ऑलराउंडर साबित होने की क्षमता है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम का कहना है कि भारत के यूसुफ पठान और ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन की तरह पाकिस्तान के अब्दुल रज्जाक में भी बेहतरीन ऑलराउंडर साबित होने की क्षमता है और वह आगामी विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन सकते हैं। अकरम ने कहा, काफी अनुभव होने के बावजूद वह (रज्जाक) अभी युवा और मैच विजेता साबित होने वाला (क्रिकेटर) है। अगर रज्जाक मानसिक रूप से दृढ और शारीरिक रूप से मजबूत हो सका, तो वह निश्चित रूप से प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट होगा। उन्होंने कहा, वह निश्चित रूप से शेन वाटसन और यूसुफ पठान के स्तर का है, लेकिन वह गेंदबाजी क्षमताओं में थोड़ा पीछे है। रज्जाक को तेज गेंदबाजी पर ध्यान देना होगा और अपना क्षेत्ररक्षण भी सुधारना होगा। विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में ऑलराउंडरों की भूमिका पर जोर देते हुए अकरम ने कहा, उनकी (ऑलराउंडर) अहम भूमिका होगी और जिस टीम में आलराउंडर हैं, उन्हें काफी फायदा होगा। एक समय था जब इमरान खान, कपिल देव, इयान बोथम और रिचर्ड हेडली एक-दूसरे को नंबर एक ऑलराउंडर बताते थे। अकरम के मुताबिक, कुछ खास क्रिकेटरों को पाकिस्तान के लिए अहम भूमिकाएं निभानी होगी। मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ की अनुपस्थिति में उमर गुल को गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करनी होगी। अगर गुल रिवर्स स्विंग का फायदा उठा सके, तो वह काफी खतरनाक साबित होंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, अब्दुल रज्जाक, वसीम अकरम