भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले विश्वकप के लिए पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का नेतृत्व शाहिद अफरीदी ही करेंगे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लाहौर:
भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में 19 फरवरी से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाले विश्व कप के लिए पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का नेतृत्व शाहिद अफरीदी ही करेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने गुरुवार देर रात अफरीदी की कप्तानी को बरकरार रखने का निर्णय लिया। टीम के मैनेजर इंतिखाब आलम ने पत्रकारों से बातचीत में अफरीदी को कप्तान पद पर बनाए रखने की पुष्टि की। पाकिस्तान ने अफरीदी की कप्तानी में 17 वर्ष बाद न्यूजीलैंड में एकदिवसीय सीरीज पर कब्जा जमाया था। पीसीबी ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा 18 जनवरी को की थी, लेकिन कप्तान के नाम की घोषणा को उसने टाल दिया था। ऐसा माना जा रहा था कि टीम के कुछ खिलाड़ी अफरीदी को, तो कुछ मिस्बाह को कप्तान बनाने के पक्ष में थे। अफरीदी ने न्यूजीलैंड में शृंखला जीतने के बाद कहा था, अगर मैं कप्तान के पद से हटाया जाता हूं तो यह मेरे लिए कोई मुद्दा नहीं होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे छह मैचों की एकदिवसीय शृंखला में पाकिस्तान 3-1 से आगे है। अफरीदी ने कहा था, कप्तान चाहें मिस्बाह हों या मैं हूं। इस बात से फर्क नहीं पड़ता। हमें देश के लिए खेलना हैं। विश्वकप में पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। पाकिस्तान का पहला मुकाबला 23 फरवरी को केन्या से है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, शाहिद अफरीदी, पाकिस्तान टीम