राजस्थान के बगरू विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में आज एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनके साथियों का विरोध हुआ. जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा इलाके में आशुतोष रांका और उनकी टीम का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और उन्हें गांव से बाहर निकाल दिया. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है. सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आरोप लगाया है कि 'भाजपा के लोगों ने आशुतोष रांका और सीजेपी के वॉलंटियर्स पर हमले किए हैं'. इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान से विधायक सचिन पायलट ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.
देखिए Video:-
'नाकामियां छुपा रहे'
टोंक विधायक सचिन पायलट से आज जयपुर में विधानसभा में पत्रकारों ने इस घटना को लेकर उनकी राय मांगी. सचिन पायलट ने बगरू विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा CJP कार्यकर्ताओं के विरोध और हाथापाई पर कहा कि जनता, छात्रों और युवाओं में आक्रोश है. पायलट ने कहा कि सरकार ने स्कूलों के अंदर बाहरी लोगों और पत्रकारों के जाने या फोटो खींचने या खबर छापने पर पाबंदी का नया आदेश जारी किया है जो गलत है.
सचिन पायलट ने कहा,"वो चाहते हैं कि हमारी नाकामियां छुपी रहे और स्कूलों की बदहाली बाहर ना आ सके. स्कूलों में अव्यवस्था है, बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है, बच्चों की मौत हो चुकी है और स्थिति बहुत गंभीर है. बजाय उसको सही करने के, ये सरकार ऐसे आदेश जारी कर रही है जो तुगलकी फरमान है. सरकार को वापस लेना पड़ेगा क्योंकि ये हमारे लोकतंत्र के लिए सही नहीं है. सरकार खबर को दबाना और लोकतंत्र की आजादी को नष्ट करना चाहती है."
टीकाराम जूली की प्रतिक्रिया
इस मामले पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी बयान दिया है और इसे भाजपा की गलती बताया है. जूली ने कहा,"किसी को भी विरोध करने से नहीं रोकना चाहिए और ऐसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. स्कूलों की हालत जनता के सामने आनी चाहिए. आपको अपना एक्शन प्लान बताना चाहिए कि आप क्या करना चाहते हैं."
ये भी पढ़ें-: जयपुर में ग्रामीणों ने CJP टीम को खदेड़ा, आशुतोष रांका के साथ धक्का-मुक्की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं