Bansur News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर कस्बे में गुरुवार रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई. यहां सिर्फ हॉर्न बजाने और साइड मांगने जैसे मामूली विवाद में दबंगों ने एक साढ़े तीन महीने की गर्भवती महिला और उसके देवर पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
अस्पताल से लौट रहे थे देवर-भाभी
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक अपनी गर्भवती भाभी को चेकअप के लिए अस्पताल ले गया था. वहां से लौटते समय अलवर रोड बाईपास पर बाइक सवार कुछ युवकों से साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई. यह बहस इतनी बढ़ी कि युवकों ने गुंडागर्दी शुरू कर दी.

साइड लेने की बात पर हुआ था विवाद.
Photo Credit: NDTV Reporter
फोन कर बुलाए साथी, सरेराह पीटा
आरोप है कि शुरुआत में उलझे युवकों ने फोन कर अपने 4-5 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया. हमलावर एक स्विफ्ट कार और बाइक से पहुंचे और देवर-भाभी पर टूट पड़े. बेरहम हमलावरों ने गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा. मारपीट के दौरान गिरने से उसके पेट में गंभीर चोट आई, जिससे वह सड़क पर ही तड़पने लगी. आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर से जांच के बाद बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया.

इस मारपीट में गर्भवती महिला घायल होने के बाद सड़क पर ही गिर गई थी.
Photo Credit: NDTV Reporter
आरोपी गाड़ियां छोड़कर फरार, 1 घंटे बाद पहुंची पुलिस
गर्भवती महिला से मारपीट होता देख जब मौके पर भीड़ इकट्ठा होने लगी तो हमलावर अपनी कार और बाइक वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए. घटना के करीब 1 घंटे बाद बानसूर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया. बानसूर थाने के ASI धर्मपाल ने बताया कि फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें:- महिला ने घर में आ रहे गंदे पानी को गिलास में भरकर विधायक को थमाया, कहा- पीयो इसे; MLA ने सूंघकर किया वापस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं