जयपुर में जल्द ही रियल एस्टेट का बाजार बदल जाएगा. डीएलसी रेट में बढ़ोतरी के बाद जमीन की कीमतों में भारी उछाल की संभावना है. इसके चलते राजस्थान की राजधानी में प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो सकता है. स्थानीय प्रशासन द्वारा 49 फीसदी तक बढ़ोतरी की मंजूरी मिल चुकी है. अब राज्य सरकार के पाले में गेंद हैं कि 50 फीसदी से ज्यादा डीएलसी दर बढ़ेंगी या नहीं.
रियल एस्टेट एक्सपर्ट के मुताबिक, पहले से ही जमीनों की कीमतें डीएलसी दरों से बहुत ज्यादा है. ऐसे में दरें बढ़ने से रजिस्ट्री में अधिक पैसा चुकाना पड़ेगा. इससे सरकार को अधिक राजस्व भी मिलेगा. लेकिन दरें बढ़ने से मार्केट पर विपरीत असर होगा. फोर्टी के यूथ विंग चीफ सेक्रेटरी और रियल एस्टेट एक्सपर्ट प्रशांत शर्मा ने बताया कि प्रॉपर्टी के मार्केट में हमेशा 10 से 15 प्रतिशत डिमांड होती है यानी वो लोग जो प्रॉपर्टी को खरीद कर थोड़ा कम समय होल्ड कर तुरंत बेच देते हैं. ऐसे में डीएलसी बढ़ने से उनका मार्जिन घटेगा.
लोन लेने में आसानी होगी- एक्सपर्ट
दरअसल, 6 जुलाई (सोमवार) को जयपुर कलेक्ट्रर संदेश नायक की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में सभी सब-रजिस्ट्रार ने अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनों के बाजार मूल्य के आधार पर प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे. इसी दौरान डीएलसी रेट बढ़ाने का प्रस्ताव लिया गया. इस पर फाइनेंस एक्सपर्ट प्रदुम्न का कहना है कि डीएलसी दरें बढ़ने से प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ेगी. दूसरी तरफ, एक फायदा यह भी है कि डीएलसी दरें बढ़ने से खरीददारों को लोन लेने में आसानी होगी.
15 साल के भीतर 3 गुना मकान बढ़े, मकसद सिर्फ निवेश
जयपुर में रियल एस्टेट का कारोबार आसमान छू रहा है. इन्वेस्टमेंट और रहने के लिए जयपुर लोगों की पसंद है. हाल ही में जनगणना के आंकड़े भी कुछ यही कहानी बयां करते हैं. साल 2011 में जयपुर शहर में 5.43 लाख मकान थे, जो अब 15.79 लाख मकान है, यानी करीब 190 प्रतिशत मकान बढ़े हैं. हालांकि, इन मकानों में से करीब 3 लाख मकान खाली है तो 3.25 लाख में किरायेदार रह रहे हैं. जाहिर तौर पर लोग निवेश के हिसाब से भी प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं.
शहरी क्षेत्रों में 40 फीसदी तक होगी बढ़ोतरी
शहरी क्षेत्रों में अधिकांश प्रस्तावों में करीब 40 फीसदी तक वृद्धि का सुझाव दिया गया. जबकि ग्रामीण इलाकों में कई जगह 35 फीसदी तक बढ़ोतरी की सिफारिश की गई. सूत्रों के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है. अधिकांश स्थानों पर 5 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है, जबकि कुछ चुनिंदा कॉलोनियों में 49 फीसदी तक वृद्धि की बात सामने आई है. खातीपुरा रोड स्थित भारतेंदु नगर में डीएलसी दरों में 49 फीसदी तक बढ़ोतरी की सिफारिश की गई है. वर्तमान में यहां 40 से 60 फीट चौड़ी सड़कों पर जमीन की डीएलसी दर 15,400 से 16,940 रुपए प्रति वर्गमीटर है, जबकि छोटी सड़कों पर यह दर करीब 12,650 रुपए प्रति वर्गमीटर है.
4 महीनों में दूसरी बार दरें बढ़ाई गई
पिछले 4 महीनों में दूसरी बार डीएलसी दरों में बढ़ोतरी की जा रही है. इससे पहले, 1 अप्रैल 2024 को 10 फीसदी, दिसंबर 2024 में 5 से 15 फीसदी और अप्रैल-2026 में फिर 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी. अप्रैल में जयपुर के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों में भी डीएलसी दरों में 10 फीसदी वृद्धि की गई थी.
यह भी पढ़ेंः 'रोता हुआ बच्चा, दीवार पर मृत मां की तस्वीर', कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज में प्रसूताओं की मौत का सच क्या है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं