विज्ञापन

शादी नहीं की तो युवती को मार दी गोली, जयपुर में सनसनीखेज वारदात

युवती मूलरूप से भरतपुर की रहने वाली थी. वह जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान उसे अकेला पाकर युवक पहुंच गया.

शादी नहीं की तो युवती को मार दी गोली, जयपुर में सनसनीखेज वारदात
शादी से किया इनकार तो घर में घुसकर मार दी गोली
NDTV

जयपुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. किराए के मकान में रह रही एक युवती को उसके रिश्तेदार ने घर में घुसकर सीने में गोली मार दी. जानकारी के अनुसार, घटना जयपुर में सांगानेर थाना क्षेत्र में सीतापुरा इलाके में हुई है. गोली युवती के सीने में जाकर अटक गई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी. शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. फिलहाल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है. 

1 साल से शादी का बना रहा था दबाव

पुलिस के अनुसार, शादी से इनकार करने पर 20 वर्षीय युवती को गोली मारी गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले करीब एक साल से उस पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दे चुका था. यह घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे उस समय हुई जब युवती अपने किराए के फ्लैट पर अकेली थी, क्योंकि उसकी मां और भाई अपनी दुकान पर गए हुए थे. 

धौलपुर का रहने वाला है आरोपी युवक

पुलिस का कहना है कि धौलपुर जिले का निवासी आरोपी आकाश मोटरसाइकिल पर हेलमेट पहनकर कथित तौर पर फ्लैट पर पहुंचा और युवती के सीने में गोली मारकर फरार हो गया. गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी फ्लैट की ओर भागे और युवती को लहूलुहान हालत में देखा. तुरंत उसकी मां और भाई को सूचित किया. फिलहाल युवती को जयपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. 

मां-भाई के साथ रहती थी युवती

भरतपुर की रहने वाली युवती जयपुर में सीतापुरा इलाके में अपनी मां और भाई के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. सांगानेर सदर के थाना प्रभारी (SHO) कमलेश कुमार ने बताया कि घटना दोनों के बीच के संबंधों से जुड़ी है. युवती की मां का कहना है कि आकाश पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी.

15 दिन पहले युवती का गई थी आरोपी के घर

करीब 15 दिन पहले, युवती की मां आरोपी के घर गई थी, जहां उसके परिवार ने आश्वासन दिया था कि वह उनकी बेटी को परेशान नहीं करेगा और न ही शादी के लिए दबाव डालेगा. युवती की मां ने आरोप लगाया कि आकाश पहले भी उनके किराए के मकान पर आया था और बेटी के साथ बदसलूकी की थी, जिसके बाद इस मुद्दे को आरोपी के परिवार के सामने उठाया गया था.

पुलिस के अनुसार, युवती की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस टीम को मौके पर बुलाया गया, वहीं फ्लैट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

यह भी पढ़ें- भाई की कलाई तक नहीं पहुंची राखी, बीच रास्ते उजड़ गया परिवार; मां के शव के पास बिलखता रहा मासूम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaipur News, Jaipur Firing, Jaipur Firing Case, Rajasthan News, Rajasthan Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com