Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में इस सप्ताह मानसून के फिर तेज होने की संभावना है, और आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी. आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा होकर ‘अपदाब' में बदल गया है. इसके आगे बढ़ने के प्रभाव से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है.
फिर से सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई से 2अगस्त तक राज्य के अधिकांश भागों में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहेगा और झमाझम बारिश हो सकती है. इस दौरान पूर्वी तथा उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं. नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने से बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी 29 जुलाई से दो अगस्त के बीच वर्षा होने का अनुमान है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 28, 2026
हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई
इस बीच, सोमवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. जालौर और सिरोही जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई. सर्वाधिक 86.5 मिलीमीटर बारिश सिरोही जिले के आबू रोड में दर्ज की गई.
बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. अलवर, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा, टोंक, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, राजसमंद, जालोर, बारां और झालावाड़ में बारिश का येलो अलर्ट है. हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग ने आमजन को सतर्क रहने की हिदायत दी है, और बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे शरण न लेकर किसी सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान का बदलेगा राजनीतिक समीकरण, AIMIM का पंचायत-निकाय चुनाव पर बड़ा ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं