- मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की नाबालिग प्रेमिका तीन माह पहले लापता हुई थी
- आरोपी बृजेश राठौड़ ने हत्या कर शव दौसा में जमीन में दफनाया था
- पुलिस ने तीन माह पुराना शव बरामद किया है और डीएनए जांच कराई जाएगी
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से तीन माह पहले लापता हुई नाबालिग प्रेमिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी प्रेमी ने दूसरी शादी करने के बाद कथित तौर पर प्रेमिका की हत्या कर शव को राजस्थान के दौसा में जमीन में दफना दिया. मध्य प्रदेश पुलिस ने दौसा कोतवाली पुलिस व तहसीलदार के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब तीन माह पुराना शव बरामद किया है. अब शव की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराया जाएगा.
मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के राजोदा गांव की एक नाबालिग युवती 28 मार्च 2026 को अचानक घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने गांव के ही युवक बृजेश राठौड़ पर शक जताते हुए अपहरण का मामला दर्ज कराया था. जांच के दौरान पुलिस को संदेह था कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन किशोरी के पास मोबाइल नहीं होने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी. सब-इंस्पेक्टर एस.एस. चौहान ने बताया कि 26 जून को आरोपी की शादी की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.
हत्या कर दफना दी लाश
पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले दौसा में मजदूरी करता था. इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस दौसा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी से पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नाबालिग उसकी प्रेमिका थी. दूसरी शादी के बाद प्रेमिका लगातार उस पर शादी का विरोध करने और जवाब मांगने का दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने उसकी हत्या कर शव को दौसा में जमीन में दफना दिया.

गड्ढे से कंकाल बरामद किया गया
Photo Credit: NDTV
पहले भी एक और मामले में हुई थी जेल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब तीन माह पुराना शव बरामद कर लिया. शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, इसलिए उसकी पहचान की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. फोरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बृजेश राठौड़ पहले भी एक युवती को भगाने के मामले में मध्य प्रदेश में जेल जा चुका है. पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है. वही पुलिस जांच अभी जारी है. प्रेम संबंध, हत्या के कारण और आरोपी के कथित स्वीकारोक्ति संबंधी तथ्य पुलिस के प्रारंभिक जांच व दावों पर आधारित हैं. अंतिम स्थिति न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी.
ये भी पढ़ें-: फलोदी में हुक से लटका पति का शव, दो बच्चों के साथ मृत मिली पत्नी, बताया भूत का साया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं